रेलवे स्टेशन पर मदद के बहाने बुलाया गेस्ट हाउस, फिर पति को बेहोश कर लूट ली पत्नी की आबरू
दिल्ली में शर्मनाक घटना घटी है। पुलिस ने एक ऐसे मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है जो मदद के नाम पर महिला से दुष्कर्म किया है। मामले की छानबीन जारी है।
नई दिल्ली, अरविंद कुमार द्विवेदी। निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर मदद के बहाने दो युवकों ने असम से आई महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरा फरार है। गिरफ्तार आरोपित अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म में भी गिरफ्तार हो चुका है। पिछले वर्ष ही वह जेल से छूटकर आया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से असम निवासी पीड़ित युवक पत्नी व छह साल की बच्ची के साथ दक्षिणी दिल्ली में रहता था और गाड़ी चलाता था। उसकी पत्नी एक कोठी में रसाेइया थी। लॉकडाउन के कारण दोनों की नौकरी छूट गई थी। किसी परिचित के माध्यम से उसे केरल के एर्नाकुलम में नौकरी मिली थी इसलिए दंपती वहां जाने के लिए कमरा खाली करके पहली सितंबर की शाम को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां खड़ा एक युवक रिजर्वेशन फॉर्म भरने में मदद के बहाने उससे बात करने लगा। पीड़ित को अगले दिन सुबह नौ बजे की ट्रेन का वेटिंग टिकट मिला। इस पर आरोपित युवक ने कहा कि पत्नी व बच्ची के साथ यहां रात बिताना सुरक्षित नहीं है। मेरे गेस्ट हाउस पर चलो, रात भर का 200 रुपये किराया लगेगा। सुबह आकर ट्रेन पकड़ लेना।
आरोपित ने उसे आश्रम इलाके में एक कमरे में ठहरा दिया। उसने दंपती व बेटी को फ्रूटी पिलाई। फिर युवक से कहा कि चलो ढाबे से खाना लेकर आते हैं। थोड़ी दूर चलकर ही पीड़ित को उल्टियां होने लगी, चक्कर आने लगा। इस पर आरोपित उसे यह कहकर कि दवा ले आता हूं, वहीं छोड़कर चला गया। होश आने पर पीड़ित युवक कमरे पर गया तो दरवाजा अंदर से बंद था। खटखटाने पर उसमें से दो युवक निकले। अंदर उसकी पत्नी नग्न अवस्था में बेसुध पड़ी थी। बच्ची भी बेहोश थी।
दोनों आरोपित पीड़ित को धमकी देने लगे लेकिन शोर मचाने पर माेहल्ले के लोगों ने एक आरोपित को दबोच लिया। मेडिकल में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने पर सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। दूसरे आरोपित की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित अपनी बेटी से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। वर्ष-2019 में ही वह जेल से छूटकर आया था।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो