Delhi Crime News: आंखों के सामने चुराकर ले जा रहे थे स्कूटी, बालकनी से उतरा और दौड़ाकर पकड़ा
Delhi Crime घर की बालकनी में खड़े शख्स ने देखा कि सड़क से गुजर रहे तीन लड़के उनकी स्कूटी पर बैठे और ले जाने लगे। तीनों लड़के स्कूटी लेकर फरार होते वे शोर मचाते हुए उतरे स्कूटी लेकर जा रहे तीनों बदमाशों में से पीछे बैठे शख्स को पकड़ लिया।
गौतम कुमार मिश्रा, पश्चिमी दिल्ली। घर की बालकनी में खड़े शख्स ने देखा कि सड़क से गुजर रहे तीन लड़के उनकी स्कूटी पर बैठे और ले जाने लगे। इसके पहले कि तीनों लड़के स्कूटी लेकर फरार होते वे फौरन शोर मचाते हुए बालकनी से उतरे और स्कूटी लेकर फरार हो रहे तीनों बदमाशों में से पीछे बैठे शख्स पकड़ लिया। स्कूटी अनियंत्रित होकर वहीं गिर गई। तीनों लड़के भी वहीं गिर गए। एक लड़का तो मौके पर पकड़ा गया लेकिन उसके दो साथी भागने में कामयाब हो गए।
मामले की जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपित से पूछताछ के बाद इसके दोनों फरार साथियों को पकड़ लिया। इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने एक दो नहीं बल्कि नौ दो पहिया वाहन बरामद किए। इनमें पांच स्कूटी व चार मोटरसाइकिल शामिल हैं। पकड़े गए आरोपितों में एक नाबालिग है। मामले की तहकीकात जारी है। जिन दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है उनके नाम करण व ऋषभ हैं। बरामद वाहन मोतीनगर, तिलक नगर, उत्तम नगर, पश्चिम विहार व अमन विहार से चुराए गए थे।
घटना 28 फरवरी की रात की है। शिकायतकर्ता रात करीब 12.30 बजे बालकनी में खड़े थे। उन्होंने देखा कि तीन लड़के गली में पैदल आए और स्कूटी स्टार्ट कर उसे तेजी से लेकर जाने लगे। शिकायतकर्ता तेजी से नीचे आए और शोर मचाते हुए पीछा करने लगे। गली तंग होने के कारण तीनों लड़के बहुत दूर नहीं जा पाए। शिकायतकर्ता ने पीछे बैठे शख्स को पकड़कर उसे अपनी ओर खींच लिया। इससे स्कूटी का संतुलन बिगड़ा और तीनों गिर गए। करण वहीं पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने इसके दो और साथियों को पकड़ा।
छानबीन के दौरान पता चला कि इन्होंने दिल्ली में वाहन चोरी के कई वारदात अंजाम दिए हैं। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस एक के बाद एक वाहन बरामद करती गई। पुलिस अब पूछताछ कर यह पता करने में जुटी है कि आखिर ये चुराए गए वाहनों का क्या करते थे? उसे बेचकर पैसा कमाते थे या फिर इनका इस्तेमाल सैर सपाटे के लिए किया जाता था।