Delhi Coronavirus: दिल्ली में पहली बार एक दिन में एक लाख से अधिक सैंपल की हुई जांच, मिले 5100 कोरोना संक्रमित
दिल्ली में पहली बार एक दिन में एक लाख से अधिक सैंपल की जांच की गई।इसका असर भी दिखा। जांच बढ़ी तो कोरोना की संक्रमण दर पांच फीसद से कम 4.93 फीसद हो गई।मामले बढ़ने के कारण पिछले छह दिन में 22632 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। राजधानी में 130 दिन बाद कोरोना के मामले एक बार फिर पांच हजार के पार हो गए। मंगलवार को 5100 नए मामले आए, जो पिछले 27 नवंबर के बाद सबसे अधिक है। 27 नवंबर को कोरोना 5482 मामले आए थे। लेकिन खास बात यह है कि दिल्ली में पहली बार एक दिन में एक लाख से अधिक सैंपल की जांच की गई। इसका असर भी दिखा। जांच बढ़ी तो कोरोना की संक्रमण दर पांच फीसद से कम 4.93 फीसद हो गई। लेकिन, मामले बढ़ने के कारण पिछले छह दिन में 22,632 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इस वजह से सक्रिय मरीजों की संख्या 17 हजार से ज्यादा हो गई है। 24 घंटे में 2340 मरीज ठीक हुए। वहीं 17 मरीजों की मौत हो गई।
इस वजह से छह दिनों में 86 मरीज कोरोना के कारण असमय काल के गाल में समा गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में अब तक छह लाख 85 हजार 62 मामले आ चुके हैं। जिसमें से अब तक छह लाख 56 हजार 617 मरीज ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मरीज बढ़ने से मरीजों के ठीक होने की दर 96.22 फीसद से घटकर 95.84 फीसद हो गई है। वहीं मृतकों की कुल संख्या 11,113 पहुंच गई है। इस वजह से मृत्यु दर 1.62 फीसद है।
सक्रिय मरीजों की संख्या पहुंची 17,332
दिल्ली में सक्रिय मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस वजह से सक्रिय मरीजों की संख्या 17,332 हो गई है। इस वजह से अस्पतालों में भर्ती मरीजों की तीन हजार से अधिक हो गई है। मौजूदा समय में 3292 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं कोविड केयर सेंटर में 44 व कोविड हेल्थ सेंटर में 51 मरीज भर्ती किए गए हैं। 8871 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं।
24 घंटे में एक लाख 3 हजार 453 सैंपल की जांच
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में एक लाख 3 हजार 453 सैंपल की जांच की गई। वैसे तो दिल्ली में शुरुआत से ही जांच अधिक होती रही है। यही वजह है कि अब तक एक करोड़ 50 लाख 75 हजार 212 सैंपल की जांच हो चुकी है जो दिल्ली की कुल आबादी का करीब 75 फीसद के बराबर है। अब जांच पहले से भी ज्यादा बढ़ा दी गई है। इस वजह से 24 घंटे में 69,667 फीसद सैंपल की आरटीपीसीआर व 33,786 सैंपल की एंटीजन जांच की गई। इनमें से 4.93 फीसद सैंपल पाजिटिव पाए गए। एक दिन पहले 64,003 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है। जिसमें से 5.54 फीसद सैंपल पाजिटिव पाए गए। इस तरह पिछले दिन के मुकाबले 39,450 सैंपल की जांच अधिक हुई।
कंटेनमेंट जोन बढ़कर हुए 3291
दिल्ली में 201 नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इस वजह से कंटेनमेंट जोन 3090 से बढ़कर 3291 हो गए हैं।