Delhi Coronavirus Death: कोरोना से बढ़ रही मौतें, अब 24 घंटे होगी श्मशान घाटों पर दाह संस्कार की निगरानी
कोरोना से बढ़ रहे मौत के मामलों को देखते हुए दक्षिणी निगम ने शवदाह गृहों और कब्रिस्तानों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके लिए निगम ने अपने चारों जोन में सहायक उपायुक्तों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कोरोना से बढ़ रहे मौत के मामलों को देखते हुए दक्षिणी निगम ने शवदाह गृहों और कब्रिस्तानों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके लिए निगम ने अपने चारों जोन में सहायक उपायुक्तों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। यह सहायक अधिकारी प्रतिदिन के हिसाब से निगम को कब्रिस्तान और शवदाह गृहों में होने वाले अंतिम संस्कार की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी देंगे। वहीं, निगम ने दाह संस्कार के लिए तय स्थानों की क्षमता अब 436 तक कर दी है।
दक्षिणी निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि शवदाह गृहों की निगरानी रखी जाए और ज़रूरत पडने पर अतिरिक्त प्रबंध भी किए जाएं। सहायक आयुक्तों को विशेष तौर पर नोडल अधिकारी बनाकर यह जिम्मेदारी दी गई है कि आवश्यकता अनुसार दाह संस्कार के लिए प्लेटफार्म भी बढ़ाए जाए साथ ही लकड़ियों की कोई कमी न हो।
सीएनजी से दाह संस्कार की बढ़ेगी क्षमता
दक्षिणी निगम में सीएनजी से दाह संस्कार की क्षमता शवदाह गृहों की बढ़ाई जाएगी। जहां पंजाबी बाग में दो नए सीएनजी से दाह संस्कार के प्लेटफार्म बनाए जाएंगे वहीं ग्रीन पार्क में भी दो और सीएनजी प्लेटफार्म की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। पंजाबी बाग में फिलहाल चार प्लेटफार्म सीएनजी से दाह संस्कार के लिए उपलब्ध हैं वहीं ग्रीन पार्क में दो प्लेटफार्म हैं। निगम के अधिकारी ने बताया कि इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के माध्यम से कार्पोरेट सोशल रिस्पोंसबिलिटी (सीएसआर) फंड के माध्यम से यह अतिरिक्त व्यवस्था होगी।
दक्षिणी निगम में भी रियल टाइम मानिटरिंग शुरू
उत्तरी निगम के बाद दक्षिणी निगम ने भी कब्रिस्तानों और शवदाह गृहों पर रियल टाइम मानिटरिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे अब दक्षिणी निगम की वेबसाइट https://mcdonline.nic.in/sdmcportal/ पर दाह संस्कार की उपलब्धता को देखा जा सकता है। इस पर शवदाह गृहों पर दाह संस्कार के लिए उपलब्ध स्थान को लाइव देख सकते हैं। सभी 9 स्थलों को वेबसाइट से जोड़ा गया है। जो समय-समय पर इसको अपडेट करते हैं।