कोरोना वायरस के साढ़े तीन माह में सर्वाधिक 1881 नए मामले दर्ज, मृतकों की कुल संख्या 11 हजार से ज्यादा
Delhi Coronavirus Cases Today दिल्ली में अब तक कुल एक करोड़ 44 लाख तीन हजार 30 सैंपल की जांच हो चुकी है। इसमें से 79936 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है। जिसमें से 2.35 फीसद सैंपल पाजिटिव पाए गए।
नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। राजधानी में कोरोना संक्रमण की दर 1.70 फीसद से बढ़कर 2.35 फीसद पर पहुंच गई है। इस वजह से रविवार को 1881 नए मामले आए हैं, जो साढ़े तीन माह में सबसे अधिक है। इससे पहले पिछले 13 दिसंबर को दिल्ली में 1984 मामले आए थे। तब संक्रमण दर 2.74 फीसद थी। कोरोना का संक्रमण दर बढ़ने से सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इससे मौतें भी बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में नौ मरीजों की मौत हो गई। इसके एक दिन पहले 10 मरीजों की मौत हुई थी। इस वजह से दो दिन में ही 19 मरीज जान गंवा चुके हैं। लिहाजा दिल्ली में मृतकों की संख्या 11 हजार से अधिक पहुंच गई है।
दिल्ली में अब तक छह लाख 57 हजार 715 मामले आ चुके सामने
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में अब तक छह लाख 57 हजार 715 मामले आ चुके हैं। इनमें से छह लाख, 39 लाख 164 लोग ठीक हो चुके हैं। इससे मरीजों के ठीक होने की दर 97.17 फीसद हो गई है। जबकि फरवरी में एक समय मरीजों के ठीक होने की 98.12 फीसद पहुंच गई थी। मृतकों की कुल संख्या 11,006 हो गई है। इससे मृत्यु दर 1.67 फीसद है। दिल्ली में मौजूदा समय में 7545 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 1398 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं 29 मरीज कोविड केयर सेंटर में भर्ती किए गए हैं। इसके अलावा 4237 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं।
24 घंटे में 79,936 सैंपल की जांच
दिल्ली में अब तक कुल एक करोड़ 44 लाख तीन हजार 30 सैंपल की जांच हो चुकी है। इसमें से 79,936 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है। जिसमें से 2.35 फीसद सैंपल पाजिटिव पाए गए।
204 नए कंटेनमेंट जोन बने
कोरोना का संक्रमण बढ़ने से कंटेनमेंट जोन भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एक दिन में ही 204 नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इससे दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 1710 हो गई है। एक दिन पहले तक 1506 कंटेनमेंट जोन थे।