मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में खुद को बताया 'हनुमान भक्त', कही ये बड़ी बात
विधानसभा में सीएम केजरीवाल ने कहा कि मैं भगवान राम और हनुमान का भक्त हूं। उनके राज्य में सभी सुखी थे। भगवान राम की अयोध्या की तरह दिल्ली में राम राज्य लाना चाहता हूं। उसी की दिशा में काम किया जा रहा है।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। दिल्ली विधानसभा में बजट सत्र के तीसरे दिन उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद को भगवान राम और हनुमान का भक्त बताया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के राज्य में सभी जनता सुखी थी। भगवान राम की अयोध्या की तरह दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी की सरकार राम राज्य लाना चाहती है। उसी दिशा में काम किया जा रहा है। हम जनता के हित से जुड़े हर कार्य को कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि हम शिक्षा के बेहतर करना चाहते हैं। दिल्ली के हर आदमी को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं देना चाहते हैं। चाहें कोई कितना भी गरीब क्यों न हो। आज दिल्ली दुनिया का अकेला शहर है जहां सभी को 24 घंटे पानी मिलता है। गरीबाें को मुफ्त बिजली मिलती है। सभी को पूरा और साफ पानी मिले। सभी के पास मकान हो। गरीब के पास भी पक्के मकान हों। महिलाओं को सुरक्षा मिले।
सदन में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि बुजुर्गों को सम्मान मिलना चाहिए। जो समाज अपने बुजुर्गों को सम्मान नहीं दे सकता, उसका अंत निश्चित है। हमने उनके लिए तीर्थयात्रा की व्यवस्था शुरू की है। अयोध्या में मंदिर बन जाने पर दिल्ली के सभी बुजुर्गों को अयोध्या के दर्शन कराऊंगा।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने उठाए कई बड़े कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पिछले 5-6 सालों में शिक्षा क्षेत्र में जो काम हुआ है उसे क्रांति के रूप में देखा जा रहा है। अब गरीबों के बच्चे भी फर्राटेदारअंग्रेजी बोल रहे हैं, वे इंजीनियर और डॉक्टर बन रहे हैं। सरकारी स्कूल के बच्चे अमीरों के बच्चों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बढ़ रहे हैं।
बता दें कि यह पहला मौका नही है जब सीएम केजरीवाल ने खुद को हनुमान भक्त बताया हो। इससे पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी वह हनुमान चालीसा पढ़ चुके हैं और हनुमान मंदिर जा चुके हैं। भारी बहुमत आने पर भी वह परिवार के साथ हनुमान जी का आशीर्वाद लेने मंदिर गए थे।