बिहार चुनाव पर बोले सीएम केजरीवाल, वोट किसी को दो; सरकार भाजपा की ही बनती
जब केजरीवाल से राष्ट्रीय राजनीति में आम आदमी पार्टी की भूमिका के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह तो समय बताएगा कि हमारी भूमिका कैसी होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एक छोटी पार्टी है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक मीडिया हाउस के लाइव कार्यक्रम के दौरान कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से ढहती जा रही है। चाहे वोट कांग्रेस को दो या फिर भाजपा को, सरकार भाजपा की ही बनती है। केजरीवाल ने बिहार चुनाव में कांग्रेस की स्थिति पर बात करते हुए कहा कि हमारा मानना है कि कांग्रेस जिस तरह से प्रदर्शन कर रही है, उससे लगता है कि वह देश का भविष्य नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस के विधायक भाजपा में शामिल हो जाते हैं।
जब केजरीवाल से राष्ट्रीय राजनीति में आम आदमी पार्टी की भूमिका के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह तो समय बताएगा कि हमारी भूमिका कैसी होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एक छोटी पार्टी है। लेकिन दिल्ली के कामों ने पूरे देश के लोग इज्जत से आम आदमी पार्टी को देखते हैं। मुझे यह उम्मीद है कि देश के लोग विकल्प जरूर देंगे।
अभी भी लोग कोरोना को समझने की कर रहे कोशिश
अभी भी लोगों को कोरोना संक्रमण के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। सभी उसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे ज्यादा चुनौती कोरोना की संक्रमण दर रोकना है। यह काफी तेजी से बढ़ती है। संक्रमण को रोकने की जरूरत और कोरोना मरीजों को बेहतर इलाज देने की जरूरत है। आज 43 हजार एक्टिव मरीज हैं, अगर होम आइसोलेशन नहीं होता तो गंभीर मरीजों की मौत हो जाती।
होम आइसोलेशन बहुत सफल प्रयोग रहा है। दिल्ली के डॉक्टर रोजाना मरीजों को फोन कर उनकी जानकारी लेते हैं। उन्होंने कहा कि हमने कोरोना के लिए एक एप बनाया है, जिससे पता चलता है कि किस अस्पताल में बेड खाली हैं। इसमें हमें केंद्र सरकार की मदद मिली है। हम केंद्र सरकार को शुक्रिया अदा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल दिल्ली में काफी प्रदूषण हो जाता है। आसपास के राज्यों में जलने वाली पराली की वजह पूरे उत्तर भारत में प्रदूषण हो जाता है। दिल्ली ने प्रदूषण को रोकने के लिए काफी कदम उठाए हैं। सभी विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर के आने में प्रदूषण का काफी योगदान है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो