दिल्ली में केजरीवाल कैबिनेट ने दी ट्री ट्रांसप्लांट पॉलिसी को मंजूरी, कनॉट प्लेस में लगेगा स्मॉग टावर
दिल्ली सरकार की तरफ से जल्द ही ट्री ट्रांसप्लांट एजेंसियों का एक पैनल बनाया जाएगा। किसी भी प्रोजेक्ट में इसी पैनल से स्वीकृति भी मिलेगी औैर ट्री ट्रांसप्लांट करने में मदद भी। इसके अलावा कनॉट प्लेस में एक स्मॉग टावर भी लगाया जाएगा।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने राजधानी में ट्री ट्रांसप्लांटेशन पॉलिसी को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अब किसी भी प्रोजेक्ट में आने वाले पेड़ों में से 80 फीसद को ट्रांसप्लांट करना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुए कैबिनेट की बैठक में प्रदूषण नियंत्रित करने को लेकर दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। दूसरा निर्णय कनॉट प्लेस में स्मॉग टावर लगाने का रहा।बैठक के बाद डिजिटल प्रेसवार्ता में केजरीवाल ने कहा कि प्रोजेक्ट में आने वाले पेड़ों में से 80 फीसद को ट्रांसप्लांट करने के साथ ही जितने पेड़ काटे जाएंगे, उससे दस गुना पौधे लगाने होंगे।
दिल्ली सरकार ट्रांसप्लांटेशन करने वाली एजेंसियों का पैनल बनाएगी और संबंधित विभाग इनमें से किसी भी एजेंसी से काम करा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्रांसप्लांट किए गए पेड़ों में से 80 फीसद से कम जीवित रहने पर संबंधित एजेंसी को होने वाले भुगतान में कटौती की जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार डेडीकेटेड ट्री ट्रांसप्लांटेशन सेल और स्थानीय कमेटी भ्बना रही है।
कमेटी ट्रांसप्लांट हुए पेड़ों की जांच व निगरानी करेगी और सही ट्रांसप्लांटेशन होने पर प्रमाण पत्र देगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बहुत घने, पुराने और बड़े-बड़े पेड़ हैं, ये प्रकृति का आशीर्वाद हैं। हमारी सरकार और दिल्लीवालों की यही कोशिश रहती है कि एक भी पेड़ को नुकसान नहीं हो। उन्होंने कहा, कई बार विकास कार्य के लिए पेड़ काटने की मजबूरी बन जाती है। अक्सर कई साल पुराने और बड़े पेड़ों को काटना पड़ता है और हम सिर्फ छोटे-छोटे पौधे लगा देते हैं, इससे बात नहीं बनती है। लगाए गए 10 पौधे पता नहीं कितने समय बाद बड़े होंगे। इसलिए हमने ट्री ट्रांसप्लांटेशन पॉलिसी पास की है।केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली देश का पहला प्रदेश है, जहां पर ट्री ट्रांसप्लांटेशन पॉलिसी पास की गई है। ट्रांसप्लांटेशन में पेड़ को नीचे से वैज्ञानिक तरीके से उखाड़ा जाता है और ट्रक में ले जाकर दूसरी जगह लगाया जाता है।
कनॉट प्लेस में लगेगा स्मॉग टावर
केजरीवाल ने बताया कि कैबिनेट ने प्रदूषण के खिलाफ जंग में एक और बड़ा निर्णय लिया है। कनॉट प्लेस में एक स्मॉग टावर लगाया जाएगा। चीन के बाद यह दुनिया का दूसरा स्मॉग टावर होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार भी आनंद विहार में स्मॉग टावर लगा रही है। चीन में लगा स्मॉग टावर नीचे से हवा खींचता है और साफ करके ऊपर फेंकता है। हमारा टावर ऊपर से हवा खींचेगा और साफ करके नीचे फेंकेगा। इसके लिए दिल्ली कैबिनेट ने 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है। उम्मीद करते हैं कि आने वाले 10 महीने के अंदर यह बनकर तैयार हो जाएगा। यह पायलट प्रोजेक्ट है। सफलता मिली तो दिल्ली में कई स्मॉग टावर लगाए जाएंगे।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो