मायावती के प्रमुख सचिव रहे रिटायर्ड IAS अफसर की 230 करोड़ की बेनामी संपत्तियां अटैच
मायावती के सेक्रेटरी के रुप में काम कर चुके रिटायर्ड आइएएस अफसर नेतराम की 19 बेनामी संपत्तियों को दिल्ली बेनामी निषेध इकाई ने अटैच कर दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के प्रमुख सचिव रहे रिटायर्ड आइएएस अफसर नेतराम (Net Ram) की 19 बेनामी संपत्तियों को दिल्ली बेनामी निषेध इकाई ( Delhi Benami Prohibition Unit) ने अटैच कर दिया है। ये बेनामी संपत्तियां करीब 230 करोड़ की बताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, नेतराम की ये संपत्तियां दिल्ली, नोएडा, कोलकाता और मुंबई में थी। बता दें कि नेतराम यूपी कैडर के सेवानिवृत्ति आइएएस अफसर हैं। जब मायावती यूपी की मुख्यमंत्री थीं तो नेतराम उनके प्रमुख सचिव के रूप में काम कर रहे थे।
मार्च में आयकर विभाग ने की थी छापेमारी
इसी साल मार्च में नेतराम और उनके करीबियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में 225 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों का पर्दाफाश हुआ था। छापेमारी के दौरान संपत्तियों के दस्तावेज, दो करोड़ रुपये से अधिक कैश, बेनामी लग्जरी कारें मिली थीं। आयकर विभाग की कार्रवाई में नेतराम की 30 मुखौटा कंपनियों का भी पता चला था।
ये भी पढ़ेंः रिटायर्ड IAS नेतराम पर शिकंजा कसने के बाद मायावती के करीबी अफसरों में खलबली
एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, जांच में नेतराम और उनके करीबी लोगों के हवाला लिंक भी सामने आए थे। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहा था। इस संबंध में वह एक पार्टी से टिकट की मांग रहा था। आयकर विभाग की छापेमारी के बाद माना जा रहा था कि ये संपत्तियां कभी भी सीज हो सकती हैं।