शर्मनाक : बदमाश ने गर्भवती महिला की पांच दिन रेकी कर किया दुष्कर्म
फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बदमाश सात माह की गर्भवती महिला को अकेला पाकर घर में घुस गया। इसके बाद वह उसके साथ दुष्कर्म किया।
फरीदाबाद, जेएनएन। पल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बदमाश सात माह की गर्भवती महिला को अकेला पाकर घर में घुस गया। उससे जबरदस्ती की कोशिश की और फिर महिला का सिर दीवार में मार दिया। इससे महिला बेहोश हो गई, तब आरोपित ने महिला से बेहोशी की हालत में ही दुष्कर्म किया। इसके बाद जाते हुए वह घर में रखे डेढ़ लाख रुपये भी लूटकर ले गया।
होश में आने पर महिला ने फोन कर पति को घर बुलाया और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस, महिला थाना पुलिस व क्राइम टीमें मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को दी गई है।
जांच में टीम ने पाया है कि बदमाश स्कूटी पर सवार होकर आया था। एक जगह सीसीटीवी कैमरे में दिखा कि वारदात को अंजाम देकर वह तेज रफ्तार से भाग निकला। आस-पास पूछताछ व सीसीटीवी से पुलिस को पता चला है कि बदमाश ने करीब पांच दिन तक महिला की रेकी की। पुलिस टीम का दावा है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।