फरीदाबाद : दो प्रॉप्रर्टी डीलरों पर हमला, एक की मौत, दूसरे का हाथ-पैर तोड़ा
फरीदाबाद शहर में अपराधियों का आतंक कायम है। बेखौफ घटना को अंजाम दे रहे। अपराधियों ने दो प्रॉप्रर्टी डीलर को निशाना बनाया है। इसमें एक डीलर को तो पहले हथौड़े से मारा फिर गोली मारी
फरीदाबाद, जेएनएन। शहर में अपराधियों का आतंक कायम है। अपराधियों ने एक ही दिन दो प्रॉप्रर्टी डीलर को निशाना बनाया है। इसमें एक डीलर को तो पहले हथौड़े से मारा फिर गोली मारी, हालांकि उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी घटना में कार के अंदर एक डीलर मृत अवस्था में मिला। उसकी मौत गोली लगने से हुई थी। दोनों ही मामले में पुलिस जांच कर दोषियों को खोजने की कोशिश कर रही है।
धौज थाने के अंतर्गत करनेरा-समयपुर गांव के बीच मंदिर के सामने पौने चार बजे क्रेटा कार के अंदर संदिग्ध हालत में 47 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर मृत मिला। उसकी कनपटी पर गोली मारी गई थी। कार के अंदर कट्टा भी पड़ा मिला है। सूचना मिलने पर धौज थाना, सिकरौना चौकी पुलिस और क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम पहुंच गई और छानबीन शुरू की। बाद में डीसीपी विक्रम कपूर भी मौके पर पहुंच गए थे।
जाम कर दिया रोड
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर आ गए। उन्होंने आरोपितों की तुरंत गिरफ्तारी को लेकर रोड जाम कर दिया और नारेबाजी की। काफी देर बाद जाम खोला गया। पुलिस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच में जुटी हुई थी। धौज थाना पुलिस ने मृतक अकबर के बेटे वसीम की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार सोहना थाने के अंतर्गत आने वाले नूनेरा गांव निवासी अकबर प्रॉपर्टी डीलर था।
गांव में खरीदी थी जमीन उसने समयपुर गांव में जमीन खरीदी हुई थी और यहां प्लाटिंग कर रहा था। इसलिए उसका यहां आना-जाना लगा रहता था। शाम पौने चार वह अपनी क्रेटा कार के अंदर लहूलुहान अवस्था में मृत मिला। सीट बेल्ट लगी हुई थी।
मिल रही थी धमकी
अकबर की साइडवाला शीशा खुला हुआ था। परिजनों का आरोप है कि अकबर को धमकी मिल रही थी। इसलिए उसकी हत्या की गई है और हत्यारोपी आसपास का ही है। इसलिए उन्होंने पुलिस को शव उठाने से मना कर दिया और जाम लगा दिया था। परिजन आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। परिजन दावा कर रहे हैं उन्हें आरोपितों के नाम पता हैं। सिकरौना पुलिस चौकी इंचार्ज सतपाल का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की कई एंगल से जांच की जा रही है।
वहीं फरीदाबाद के बुढ़ैना गांव निवासी एक और प्रॉपर्टी डीलर पर सेक्टर-22 में फॉरच्यूनर गाड़ी में सवार युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने हथौड़े से वार किया, जिससे डीलर के एक पैर व हाथ में फैक्चर आ गया है। आरोप है कि हमलावरों ने डीलर के हाथ में गोली भी मारी है। घायल अवस्था में डीलर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर मुजेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घायल के बयान के बाद मामला दर्ज करने की बात कह रही थी। बुढ़ैना गांव निवासी तेजबीर प्रॉपर्टी डीलर है।
रास्ते में रोक कर किया हमला
उसका सेक्टर-23 में ऑफिस है। मंगलवार को वह स्कूटी पर किसी काम से सेक्टर-22 झुग्गियों के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान फॉरच्यूनर में सवार होकर आए युवकों ने तेजबीर को रोक लिया और हमला कर दिया। घायल तेजबीर के भाई कमल का कहना है कि 2016 में भाई की सेक्टर-23 में मोबाइल की दुकान थी। इस पर कुछ युवकों ने हमला किया था। यह मामला अदालत में विचाराधीन है। इसी मामले में गवाही न देने के लिए तेजबीर पर दोबारा हमला किया गया है। मुजेसर थाना पुलिस का कहना है कि सूचना मिल गई थी, पर बयान नहीं हो सके हैं।