तिहाड़ जेल में यातना का अजब मामला, गर्म मेटल से शरीर पर बनाए निशान
कैदी ने कोर्ट में कहा कि बैरक में इंडक्शन चूल्हा काम नहीं करने की शिकायत की थी। इससे जेल अधीक्षक ने उसे बुरी तरह से पीटा। इसके बाद यातनाएं भी दीं।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश की नामी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद एक कैदी ने कड़कड़डूमा कोर्ट में जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसे जेल में विभिन्न तरह की यातनाएं दी जाती हैं। उसकी पीठ पर गर्म मेटल से ओम का निशाना बनाया गया है और उसे दो दिनों तक भूखा रखा गया। कैदी ने कोर्ट में कहा कि बैरक में इंडक्शन चूल्हा काम नहीं करने की शिकायत की थी। इससे जेल अधीक्षक ने उसे बुरी तरह से पीटा। आरोप है कि अधिकारी ने इसके बाद कैदी की पीठ पर एक मेटल के जरिए ओम का निशान बना दिया। आरोप है कि पहले ओम के निशान वाले धातु को गर्म किया गया फिर युवक की पीठ को जला दिया। इस दौरान कैदी ने कोर्ट में ओम के निशान भी दिखाए। कोर्ट ने जेल प्रशासन को नोटिस भेजकर 24 घंटे में जवाब दाखिल करने का आदेश दिया।
कोर्ट में बताया गया कि यह मामला 17 अप्रैल का है। न्यू सीलमपुर निवासी यह शख्स हथियार सप्लाई के मामले में न्यायिक हिरासत में है। उसे हाई रिस्क वार्ड में रखा गया था।
उधर, जेल प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में है और इसकी जांच डीआइजी कर रहे हैं। कैदी को दूसरे जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। विस्तृत जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह मामला उस समय प्रकाश में आया जब कैदी कड़कड़डूमा कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया। कोर्ट ने नोटिस में कहा कि इस मामले में तत्काल दखल देने की जरूरत है। कैदी का तत्काल मेडिकल कराया जाए। साथ ही इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए साथ ही दूसरे कैदी से इस संंबंध में पूछताछ की जाए।