Coronavirus in Delhi: राजधानी में 50 दिन बाद कोरोना के 300 से अधिक मामले
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 312 नए मरीजों की पुष्टि हुई। वहीं तीन मरीजों की मौत हो गई है। संक्रमण दर भी बढ़कर 0.53 फीसद हो गई है। 14 जनवरी के बाद ऐसा पहली बार है जब कोरोना के 300 से अधिक मामले आए हैंं।
नई दिल्ली [राहुल चौहान]। राजधानी में कोरोना के मामले पिछले पांच दिन से लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 312 नए मरीजों की पुष्टि हुई। वहीं, तीन मरीजों की मौत हो गई है। संक्रमण दर भी बढ़कर 0.53 फीसद हो गई है। 14 जनवरी के बाद ऐसा पहली बार है, जब कोरोना के 300 से अधिक मामले आए हैंं। उस समय 340 मामले आए थे।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या छह लाख 39 हजार 681 हो गई है। इनमें से छह लाख 27 हजार 797 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अब तक 10,918 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या 1779 पहुंच गई है। इनमें से 599 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। साथ ही होम आइसोलेशन में 863 मरीजों का इलाज़ चल रहा है।
कोविड केयर सेंटर में पांच मरीज भर्ती हैं। कोरोना के नए मामले बढ़ने से एक सप्ताह से अस्पताल और होम आइसोलेशन में इलाज़ करा रहे मरीजों की संख्या बढ़ रही है। वहीं, मृत्युदर 1.70 फीसद है। दिल्ली में अब तक एक करोड़ 26 लाख 81 हजार लोगों की जांच की जा चुकी है। शुक्रवार को 59,122 सैम्पल की जांच हुई। इनमें 0.53 फीसद सैम्पल पाजिटिव पाए गए। इसके साथ ही मामलों के बढ़ने से कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 591 हो गई है।