Coronavirus: नर्स के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर हड़कंप, हिंदू राव अस्पताल अस्थाई तौर पर सील
Coronavirus उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ओर से कहा गया है कि यहां पर सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददादा। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रही हैं। इस बीच उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा संचालत दिल्ली के बड़े अस्पतालों में शुमार हिंदू राव अस्पताल में एक नर्स कोरोना वायरस संक्रमण पॉजिटिव पाई गई। शनिवार को मामला सामने आने के बाद पूरे अस्पताल को अस्थाई तौर पर सील कर दिया गया है, जबकि यहां पर सैनिटाइजेशन का काम रविवार को भी जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को हिंदू राव अस्पताल में एक स्टाफ नर्स के कोराना वायरस की चपेट में आने से हड़कंप मच गया। उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने बड़ा फेैसला लेते हुए अस्पताल को अस्थाई तौर पर सील कर दिया गया है।
निगमायुक्तवर्षा जोशी ने बताया कि शनिवार देर शाम को नर्स के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिली तो अस्पताल की सभी सेवाएं तुरंत प्रभाव से बंद कर दी है। अस्पताल को सैनिटाइज करने के साथ नर्स के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान के बाद ही अस्पताल की सेवाएं बहाल की जाएंगी। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के बड़े हिंदूराव अस्पताल में एक नर्स के कोरोना से संक्रमित मिलने के बाद अस्पताल की सारी सेवाओं को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। अस्पताल में गायनी वार्ड में भर्ती मरीजों को दूसरी जगह पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित नर्स दो सप्ताह से अस्पताल के विभिन्न स्थानों पर तैनात थी। सूत्रों के मुताबिक नर्स को छह दिन से कोरोना के लक्षण थे, शुक्रवार को उसकी कोरोना की जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। हैरानी की बात है कि सैंपल देने के बाद भी नर्स कार्य कर रही थी। इस मामले के सामने आने के बाद निगमायुक्त ने जांच के आदेश दिए हैं। उत्तरी निगम के इस अस्पताल में 50 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया था। इसमें मेडिकल कॉलेज भी हैं। साथ ही बच्चों को रहने के लिए होस्टल भी है।
जारी रहेगा सैनिटाइजेश का काम
NDMC के मुताबिक, हालात की गंभीरता को देखते हुए निगम ने निर्णय लिया है कि कोने-कोन में सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। हालात सामान्य होने और पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही अस्पताल को चालू किया जाएगा। यहां पर बता दें कि दिल्ली में ही 30 से अधिक डॉक्टर कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, सफदरजंग, दिल्ली राज्य कैंसर अस्पताल समेत आधा दर्जन अस्पताल हैं।