Delhi Coronavirus Update: लंदन से आए सभी यात्रियों की कोरोना जांच रिपोर्ट आई निगेटिव
सभी यात्रियों का एयरपोर्ट पर कोरोना जांच कराई गई। उनकी जांच रिपोर्ट नकारात्मक आइ है। इन सभी को क्वारंटाइन के लिए भेज दिया गया है। शुक्रवार को जांच के दौरान हुई अफरातफरी के कारण यात्रियों की जल्द जांच के लिए ज्यादा संख्या में विशेषज्ञ लगाए गए थे।
नई दिल्ली, संतोष शर्मा। कोरोना के नए वायरस के प्रकोप के कारण दोबारा से दोनों देशों के बीच उड़ान शुरू किए जाने की घोषणा के बाद ब्रिटेन से दूसरी उड़ान शनिवार की दोपहर एक बजे यात्रियों को लेकर आइजीआइ एयरपोर्ट पहुंची। इससे कुल 256 यात्री दिल्ली पहुंचे। सभी यात्रियों का एयरपोर्ट पर कोरोना जांच कराई गई। उनकी जांच रिपोर्ट नकारात्मक आइ है। इन सभी को क्वारंटाइन के लिए भेज दिया गया है। शुक्रवार को जांच के दौरान हुई अफरातफरी के कारण यात्रियों की जल्द जांच के लिए ज्यादा संख्या में विशेषज्ञ लगाए गए थे।
लिहाजा पहले दिन के मुकाबले शनिवार को जांच ज्यादा बेहतर तरीके से हुई। हालांकि, बावजूद इसके यात्रियों को एयरपोर्ट पर करीब छह से आठ घंटे तक का समय बिताना पड़ा। लंदन से आई विस्तारा की उड़ान से कुल 291 लोगों ने टिकट करवा रखा था। अंतिम समय में 35 यात्रियों ने अपना टिकट रद करवा दिया। माना जा रहा है कि सात दिन तक सरकारी क्वारंटाइन में रखे जाने की नीतियों की वजह से हवाइ यात्रियों ने अपना टिकट रद करवाया होगा।
शुक्रवार को ब्रिटेन से इंडिया की उड़ान से आए 256 यात्रियों में से दो यात्रियों में कोरोना के लक्षण पाए गए थे। ज्यादा संख्या जांच और रिपोर्ट के लिए यात्रियों को दस घंटे तक का इतंजार करना पड़ा था। दरअसल कोरोना का नया वायरस (स्ट्रेन) आने के बाद गत दिनों भारत और ब्रिटेन के बीच संचालित सभी उड़ानों की सेवा बंद कर दी गई थी। इसके करीब दो हफ्ते बाद सरकार ने करीब 50 फीसद उड़ानों को दोबारा से शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत पहली उड़ान शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे आइ थी।
नए स्ट्रेन के आने से पूर्व जो यात्री कोरोना से सक्रमित नहीं हैं उन्हें सिर्फ सात दिनो के लिए होम क्वारंटाइन का नियम था। लिहाजा ब्रिटेन से आने वाले कई यात्रियों ने आगे का कार्यक्रम बनाकर आए थे। कई लोगों ने तो कनेक्टिंग फ्लाइट का टिकट भी ले रखा था। लेकिन,कोरोना का संक्रमण लोगों में ना फैले इसके लिए सरकार ने ब्रिटेन से आने वाले सभी यात्रियों को सात दिन सरकारी क्वारंटाइन और सात दिन होम क्वारंटाइन (कुल 14) दिन के संबंध में सर्कुलर जारी किया था।
नए नियम के कारण एयरपोेर्ट पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया था। वहां लोग घंटों तक फंसे रहे थे। इस नियम के कारण यात्रियों में जबरदस्त गुस्सा था। जेनेस्ट्रिंग लैब की निदेशक डा. गौरी अग्रवाल ने बताया कि लंदने से एयरपोर्ट पर आए सभी 256 यात्रियों की रिपोर्ट नकारात्मक आई है। ज्यादातर यात्रियों की रिपोर्ट पांच घंटे में आ चुकी थी। शनिवार को सुव्यवस्थित तरीके से जांच हुई। हवाई यात्रियों की कोरोना जांच के लिए एयरपोर्ट पर अलग से लैब स्थापित किया गया है।
वहीं, ब्रिटेन से आए यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाने के साथ ही उन्हें टर्मिनल से जांच केंद्र तक ले जाने के लिए अलग से कॉरिडोर भी बनाया गया है। ताकि अन्य उड़ान के यात्रियों से उनका संपर्क ना हो। यात्रियों को एयरोसिटी के 11 होटलों मे बनाए गए सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में भेजा जा रहा है। इसके लिए वहां स्वास्थ्य मंत्रालय, एयरपोर्ट संचालक कंपनी, सीआइएसएफ व दिल्ली पुलिस सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को मुस्तैद किया गया है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो