दिल्ली में फिर सामने आए एक दिन में 3000 नए केस, कुल संख्या पहुंची 60 हजार के करीब
दिल्ली में एक दिन में फिर से 3000 कोरोना के नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा अब 60 हजार से कुछ ही कम रह गया है।
नई दिल्ली (रणविजय सिंह)। राजधानी में बडी संख्या में कोरोना के नए मामले सामने आने के साथ-साथ एक बार फिर ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ रही है। इस वजह से ठीक होने वाले लोगों की तुलना में सक्रिय मरीजों की संख्या कम रह गई है। रविवार को दिल्ली में कोरोना के 3000 हजार नए मामले आए। वहीं पिछले 24 घंटे में 63 मरीजों की मौत हुई है। जबकि 1719 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इस वजह से दिल्ली में अब तक कुल 55.24 फीसद मरीज ठीक हो चुके हैं।
चार दिनों में ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी
खास तौर पर पिछले चार दिनों में ठीक होने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढी है। इस दौरान 15,156 मरीज स्वस्थ हुए है। यही वजह है कि दिल्ली में ठीक होने वाले मरीजों की दर में बढोतरी हुई है दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग के आंकडों के अनुसार दिल्ली में कोरोना के कुल मामले 59,746 हो गए हैं। जिसमें से कुल 33,013 मरीज ठीक हो चुके हैं।
मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 2175
वहीं, कोरोना के कारण मृतकों की संख्या बढकर 2175 हो गई है। मौजूदा समय में 24,558 सक्रिय मरीज हैं। जिनका इलाज चल रहा है। इनमें से 6054 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं कोविड केयर सेंटर में 1426 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा 205 मरीज कोविड हेल्थ सेंटर में भर्ती किए गए हैं। वर्तमान समय में 12,106 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वे घर पर रहकर ही अपना इलाज करा रहे हैं।
पहली बार 18105 सैंपल जांच
दिल्ली में पहली बार एक दिन में 18 हजार से अधिक सैंपल जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में अब तक कुल तीन लाख 70 हजार 14 सैंपल की जांच हो चुकी है। इसमें से 18,105 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है। जिसमें से 16.57 फीसद सैंपल पॉजिटिव आए। उल्लेखनीय है कि रैपिड एंटीजन टेस्ट शुरू होने के बाद दिल्ली में जांच बढी है।