Controversies in JNU: फिर विवादों में जेएनयू, अब कैंपस में लगाया मोहम्मद अली जिन्ना का पोस्टर
Controversies in JNU देश-दुनिया का नामी संस्थान जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (Jawaharlal Nehru University) एक बार फिर विवादों में है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Controversies in JNU: देश-दुनिया का नामी संस्थान जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (Jawaharlal Nehru University) एक बार फिर विवादों में है। मिली जानकारी के मुताबिक, ताजा मामले में जेएनयू परिसर में वीडी सावरकर मार्ग के साइन बोर्ड पर सोमवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने स्याही पोत दी। साथ ही उन्होंने बोर्ड पर मुस्लिम लीग के नेता मुहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर लगाकर मुहम्मद अली जिन्ना मार्ग लिख दिया।
वहीं, पूरा मामला सामने आने के बाद से विवि में छात्रों और शिक्षकों ने इस घटना का विरोध किया। जेएनयूटीएफ ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर परिसर में हुई घटना की कड़ी निंदा की है। वहीं, टीचर्स फेडरेशन का कहना है कि यह कृत्य परिसर के शांतिपूर्ण वातावरण को समाप्त करने के लिए है। जिन लोगों ने ऐसा किया है, उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।
जेएनयू परिसर में बिना नाम की सड़कों से होने वाली समस्या को लेकर 13 जून, 2016 को प्रस्ताव रखा गया था जिसके आधार पर परिसर की कई सड़कों का नाम रखा था। पिछले कुछ वर्षो में अलग-अलग सड़कों पर साइन बोर्ड लगा दिए गए हैं। इस दौरान सड़कों का नाम बिरसा मुंडा मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, सीवी रमन मार्ग, विवेकानंद मार्ग, ध्यान चंद मार्ग, सुश्रुत मार्ग एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग इत्यादि रखे गए थे। 24 जुलाई, 2019 को हुई बैठक में शेष बची सड़कों का नामकरण कमिटी की अनुशंसा पर किया गया। इस दौरान मार्गों के नाम संत रविदास मार्ग, वीडी सावरकर मार्ग, रानी अबक्का मार्ग, अब्दुल हमीद मार्ग, महर्षि बाल्मीकि मार्ग इत्यादि रखे गए।
बता दें कि इससे पहले भी जेएनयू कई वजहों से विवादों में रहा है। 9 फरवरी 2016 को जेएनयू में विवादित नारे भी लगे थे। इसको लेकर जेएनयू के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार समेत कई तत्कालीन छात्रों पर मुकदमा भी दर्ज किया गया था, जिसका ट्रायल दिल्ली हाई कोर्ट में चल रहा है।