गांधी परिवार की SPG सुरक्षा हटाने पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता, अमित शाह के घर के बाहर प्रदर्शन
गांधी परिवार की एसपीजी (SPG) सुरक्षा हटाने के फैसले के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री अमित शाह के घर के बाहर प्रदर्शन किया।
नई दिल्ली, एएनआइ। गांधी परिवार (राहुल, सोनिया और प्रियंका गांधी) की स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप यानी एसपीजी (SPG) सुरक्षा हटाने के फैसले के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री अमित शाह के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी। आरोप है कि केंद्र सरकार ने राजनीतिक बदले की भावना के तहत गांधी परिवार की एसपीजी हटाने का निर्णय लिया है।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से अपना फैसला वापस लेने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गांधी परिवार से एसपीजी सुरक्षा हटाने का फैसला
सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने गांधी परिवार से एसपीजी सुरक्षा हटाने का फैसला किया है। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि शुक्रवार को गृह मंत्रालय की बैठक में फैसला किया गया है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी से एसपीजी सुरक्षा वापस लेकर एसीआरपीएफ कमांडो की जेड प्लस सुरक्षा दिया जाएगा।
न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सुरक्षा एजेंसी की ओर से मिले थ्रेट इनपुट का आकलन करने के बाद केंद्र सरकार ने यह फैसला लिया है। गांधी परिवार से पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से अगस्त में एसपीजी सुरक्षा हटा ली गई थी।
इससे पहले एसपीजी सुरक्षा देश के सिर्फ चार लोगों के पास थी
बता दें कि इससे पहले एसपीजी सुरक्षा देश के सिर्फ चार लोगों के पास थी। जिसमें पीएम मोदी के अलावा गांधी परिवार के तीन सदस्य शामिल थे। गांधी परिवार से यह सुरक्षा हटने के बाद अब सिर्फ प्रधानमंत्री के पास रह जाएगी। दरअसल देश में सुरक्षा का मामला गृह मंत्रालय के अधीन आता है। समय-समय पर समीक्षा के बाद वीआइपी लोगों को सुरक्षा मुहैया कराया जाता है। एसपीजी यानी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप एक विशिष्ट सुरक्षा व्यवस्था है। यह चार स्तरीय होती है। यह सुरक्षा व्यवस्था देश के शीर्ष नेताओं को प्रदान की जाती है।
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक