पढ़िए- दिल्ली में कांग्रेस के किस बड़े नेता को मिला लोकसभा का टिकट, कौन है संभावित दावेदार
पूर्व सांसद अजय माकन कपिल सिब्बल जेपी अग्रवाल और पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान दिल्ली से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार होंगे। शुक्रवार को सभी सीटों पर नाम तय कर दिए जाएंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव-2019 के तहत दिल्ली की सातों सीटों पर अगले महीने की 12 मई को मतदान होगा, ऐसे में आम आदमी पार्टी के बाद और भाजपा से पहले उम्मीदवार को ऐलान कर कांग्रेस ने बाजी मार ली है। बृहस्पतिवार शाम हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में दिल्ली की सात में से चार लोकसभा सीटों के नाम तय कर दिए गए। हालांकि तीन नामों पर फैसला नहीं हो सका, लेकिन वह भी बहुत जल्द तय हो जाएंगे।
नामों के ऐलान के तहत पूर्व सांसद अजय माकन, कपिल सिब्बल, जेपी अग्रवाल और पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान दिल्ली से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार होंगे। शुक्रवार को सभी सातों नाम अधिकृत रूप से घोषित कर दिए जाने के आसार हैं। कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी की अध्यक्षता में शाम छह से सात बजे के बीच करीब एक घंटा चली सीईसी की बैठक में नई दिल्ली से अजय माकन, चांदनी चौंक से कपिल सिब्बल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से जयप्रकाश अग्रवाल और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजकुमार चौहान के नाम पर जल्द ही मुहर लगा दी गई।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि दैनिक जागरण ने एक अप्रैल के अंक में ही यह खबर प्रकाशित कर दी थी कि 'गठबंधन नहीं तो पूर्व सांसदों पर दांव लगाएगी कांग्रेस'। सीईसी की बैठक में निर्णय भी इसी के अनुरूप लिया गया। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली सीट से पूर्व सांसद कृष्णा तीरथ चूंकि भाजपा में जा चुकी हैं, इसलिए पेच फंसा जबकि पूर्वी दिल्ली से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने स्वयं ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया, अन्यथा उनके नाम पर भी मुहर लगना तय था। पश्चिमी दिल्ली से पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के नाम पर भी शुक्रवार तक हरी झंडी मिल जाने के प्रबल आसार हैं।
दैनिक जागरण से बातचीत में एआइसीसी महासचिव और दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने चार सीटों के नाम तय करने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि बाकी बची तीन सीटों के नाम भी जल्द तय कर लिए जाएंगे। इसके बाद शुक्रवार को सभी सातों सीटों के उम्मीदवारों के नामों की एक ही साथ घोषणा कर दी जाएगी। दूसरी तरफ चार सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं का मंद पड़ा उत्साह भी फिर से बढ़ता नजर आया। इनके नाम सामने आते ही इन उम्मीदवारों के घर पर कार्यकर्ता बधाई देने के लिए पहुंचना शुरू हो गए।