Move to Jagran APP

AAP में शामिल होने के बाद सीएम से मिलीं गुड्डी देवी, केजरीवाल बोले- सभी दलों के अच्छे नेताओं का स्वागत है

Delhi Nagar Nigam Election गुड्डी देवी मलकागंज से पार्षद हैं। आप में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर वह पार्टी में शामिल हुई हैं। इससे पहले हरि नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्षद दीपक सेतिया भी आप में शामिल हो चुके हैं।

By Mangal YadavEdited By: Published: Wed, 17 Feb 2021 05:26 PM (IST)Updated: Wed, 17 Feb 2021 07:47 PM (IST)
AAP में शामिल होने के बाद सीएम से मिलीं गुड्डी देवी, केजरीवाल बोले- सभी दलों के अच्छे नेताओं का स्वागत है
AAP में शामिल होने पर मुख्यमंत्री केजरीवाल निगम पार्षद गुड्डी देवी जाटव का स्वागत करते हुए।

नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। अगले निगम चुनाव में सत्ता में कोई भी बैठे, मगर एक साल पहले ही सभी दल माहौल बनाने में जुट गए हैं। इस सब के बीच आम आदमी पार्टी भाजपा और कांग्रेस के लोगों को शामिल करा रही है। एक माह के अंदर कांग्रेस के दो निगम पार्षद ही आप में शामिल हो गए हैं। इनमें बुधवार को आप में शामिल हुई कांग्रेस की गुड्डी देवी जाटव शामिल हैं। यह तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र के मल्कागंज वार्ड से निगम पार्षद हैं। पार्टी मुख्यालय में आप के वरिष्ठ नेता दिलीप पांडेय व दुर्गेश पाठक ने उन्हें उनके समर्थकों सहित पार्टी में शामिल कराया।

loksabha election banner

इसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुड्डी देवी और इनके साथ आए अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं का अपने आवास पर स्वागत किया। इस मौके पर केजरीवाल ने कहा है कि दूसरे दलों के अच्छे नेताओं का आप में स्वागत है। उनके लिए आप के दरवाजे खुले हुए हैं।

आप में शामिल होने के बाद गुड्डी देवी ने कहा कि केजरीवाल सरकार द्वारा किए जा रहे प्रशंसनीय व सराहनीय कार्यों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी मेरा परिवार है और पार्टी के साथ मिल कर समाज की सेवा करूंगी। पार्षद के साथ तिमारपुर क्षेत्र के 15 अन्य प्रमुख कार्यकर्ता आप में शामिल हो गए। इनमें मल्कागंज ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश प्रजापति, सुमन त्यागी, त्रिलोक चंद, हरि सिंह प्रजापति, रमेश जाटव, महेंद्र जाटव, ममता सूरी, नीलम सक्सेना व किन्नर समाज की अध्यक्ष अनुष्का शामिल हैं।

वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नगर निगमों के प्रभारी दुर्गेश पाठक ने ट्वीट कर बताया कि गुड्डी देवी कांग्रेस से दो बार पार्षद रही हैं। उन्होंने केजरीवाल के विकास मॉडल से प्रभावित होकर आप की सदस्यता ली है। उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

भाजपा नेता संतलाल चावरिया भी आप में शामिल

सीमापुरी विधानसभा सीट से पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशी और दिल्ली सफाई आयोग के पूर्व अध्यक्ष संतलाल चावरिया व भाजपा नेता जेपी टांक अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मंगलवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। टांक दिल्ली नगर निगम श्रमिक संघ के अध्यक्ष भी हैं। आप के वरिष्ठ नेता व पार्टी की ओर से नगर निगमों के प्रभारी दुर्गेश पाठक ने सभी लोगों को टोपी और पटका पहना कर पार्टी में शामिल कराया


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.