Weather Report: दिल्ली में पड़ रही कड़ाके की ठंड, 4 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
पहाड़ों में बर्फबारी के कारण यहां काफी ज्यादा सर्दी पड़ रही है। आलम यह है कि दिल्ली में हिमाचल के शिमला से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कंपकंपाने वाली ठंड पड़नी शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोगों ने अधिक ठंड का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ों में बर्फबारी के कारण यहां काफी ज्यादा सर्दी पड़ रही है। आलम यह है कि दिल्ली में हिमाचल के शिमला से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। बृहस्पतिवार को दिल्ली के न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों यानी 22 दिसंबर तक दिल्ली-एनसीआर में तापमान 4 डिग्री तक रह सकता है।
इससे पहले मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान और अधिक गिर गया था। आलम यह रहा कि 18 दिसंबर का दिन इस सीजन का सबसे सर्द दिन रहा। पिछले दो सालों में यह सबसे ठंडा दिसंबर चल रहा है। आगामी दो दिनों में तापमान 4 डिग्री तक लुढ़क सकता है।
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। लोदी रोड पर तापमान महज 4.8 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 45 से 97 फीसद दर्ज किया गया। सुबह के समय मध्यम कोहरा भी दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी तापमान 22 और 5 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है कि दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में अब शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा।
स्काईमेट वेदर के अनुसार दिल्ली में सबसे ज्यादा ठंड नए साल के आसपास होती है, लेकिन इस बार अभी से ठंड काफी अधिक देखने को मिल रही है। दिन के तापमान में दिसंबर के अंतिम दिनों में ही कमी आने के आसार हैं।
वहीं, हिमाचल प्रदेश लाहौल स्पीति और किन्नौर जिले उन इलाकों में शामिल हैं जहां तापमान शून्य से नीचे चला जाता है। ये पूरा इलाका सर्दी की चपेट में है। लाहौल की केलांग घाटी में तापमान माइनस 12 डिग्री दर्ज किया गया जो सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार रविवार की रात राजस्थान के चूरू, पिलानी, ऐरनपुरा रोड, श्रीगंगानगर और जैसलमेर में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
कोहरे के कारण सप्ताह में एक दिन नहीं चलेगी हमसफर
सर्दी के साथ कोहरा बढ़ रहा है। इसका असर रेल और हवाई यातायात पर दिखाई देने लगा है। गोरखपुर-आनंद विहार (12595) हमसफर एक्सप्रेस को सप्ताह में एक दिन नहीं चलेगी। मंगलवार से 11 फरवरी तक यह गाड़ी हर सोमवार को गोरखपुर से रद रहेगी। आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर (12596) हमसफर एक्सप्रेस 18 दिसंबर से 12 फरवरी तक हर मंगलवार को रद रहेगी। यह सप्ताह में तीन दिन चलती है।
प्रदूषण स्तर बेहद खराब, दो दिन रहेंगे यही हालात
हवा की गति कम होने और उसमें नमी के कारण मंगलवार को दिल्ली एनसीआर का प्रदूषण बेहद खराब श्रेणी में रहा। दो दिन यही हालात रहेंगे। हवा में नमी के कारण प्रदूषक तत्व उड़ नहीं पा रहे हैं। इससे बुधवार और बृहस्पतिवार को प्रदूषण का स्तर काफी अधिक बढ़ सकता है। स्मॉग बढ़ने का अनुमान है। सफर इंडिया और मौसम विभाग दोनों ने ही यह संभावना व्यक्त की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के एयर बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 353 पर पहुंच गया। उत्तर भारत में अब भी पश्चिमी विक्षोभ का असर है।