कोल माफिया ने दिल्ली में कराया था सेल के चेयरमैन पर हमला, मकसद था हत्या; 7 गिरफ्तार
पिछले महीने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (Steel Authority of India Limited) के चेयरमैन अनिल कुमार चौधरी पर हमला हत्या के इरादे से किया गया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। पिछले महीने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (Steel Authority of India Limited) के चेयरमैन अनिल कुमार चौधरी पर हमला हत्या के इरादे से किया गया था। वसंतकुज निवासी कोल माफिया ने उनकी हत्या की सुपारी दी थी पर नाकाम होने पर घटना को रोडरेज की शक्ल दे दी गई। दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपित ठेकेदार एके सिंह सहित सात को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपित सुनील बल्हारा, सतेंद्र उर्फ कत्यान, ओम प्रकाश, अमरजीत, ललित व प्रवेश हैं।
क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पांचवें आरोपित की गिरफ्तारी के बाद मामले से पर्दा उठा। सिंह ने सौ करोड़ रुपये के कोयले की डील से जुड़े मामले में यह साजिश रची थी। सिंह की दुबई में एक कंपनी है, जो कोयले से संबंधित डील करती है। उसे कोयले की आपूर्ति एक अमेरिकी कंपनी करती है। सिंह की कंपनी का आफिस सफदरजंग में भी है।
डील होने के बाद सेल ने सिंह की कंपनी को 30 करोड़ की पहली किस्त का भुगतान भी किया। मगर खराब गुणवत्ता का कोयला होने के कारण डील रद कर दी गई। इससे सिंह को करीब 85 करोड़ का नुकसान हुआ। पुलिस के मुताबिक अपनी डूबी रकम निकलवाने के लिए सिंह ने चौधरी पर दबाव बनाया, हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उसने हत्या की साजिश रची।
सात अगस्त को आफिस से घर लौटते समय साउथ एक्सटेंशन में चौधरी की कार को एक अन्य कार ने टक्कर मारी। इसके बाद दूसरी कार में बैठे चार बदमाशों ने चौधरी पर हमला कर दिया। शोर सुनकर गश्त लगा रहे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दो बदमाश पकड़े गए। बाद में दो अन्य बदमाश भी धरे गए। पुलिस ने घटना को रोडरेज माना, मगर पांचवें आरोपित सतेंद्र के पकड़े जाने के बाद साजिश से पर्दा उठा। हरियाणा निवासी उसके जीजा सुनील बल्हारा ने हत्या की जिम्मेदारी उसे सौंपी थी। सतेंद्र ने भाड़े के चार बदमाशों को यह काम सौंप दिया। इसके बाद बल्हारा की गिरफ्तारी हुई और उसने एके सिंह के नाम का पर्दाफाश किया।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
आरोपित एके सिंह ’