आम आदमी पार्टी मुखिया ने शुरू किया 'एक मौका केजरीवाल को' अभियान
पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार को बीच में छोड़ कर लौटे अरविंद केजरीवाल ने लगाताए दूसरे दिन सोमवार को भी डिजिटल प्रेसवार्ता की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने एक मौका केजरीवाल को अभियान की घोषणा की।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार को बीच में छोड़ कर दिल्ली लौटे अरविंद केजरीवाल ने लगाताए दूसरे दिन सोमवार को भी डिजिटल प्रेसवार्ता की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने 'एक मौका केजरीवाल को' अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग और पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली में विकास कार्यों को लेकर एक वीडियो बनाएं और इंटरनेट मीडिया पर डाल लें। यानी उनके इलाके में मोहल्ला क्लीनिक खुला है तो उन्हें कितना लाभ मिला है। कोई और विकास कार्य हुआ है तो उससे कितना लाभ मिल रहा है। बता दें कि रविवार को उन्होंने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी की आशंका जताई थी। वहीं सोमवार को उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा पिछले सात सालों में दिल्ली में कराए गए विकास कार्यों पर बात रखी।
'एक मौका केजरीवाल को' अभियान की घोषणा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ऐसे वीडियो वे जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं वहां के अपने जानकारों को भेजें, इंटरनेट मीडिया पर डालें। जो सबसे अच्छे वीडियो होंगे ऐसे 50 वीडियो बनाने वालों के साथ मैं चुनाव बाद लान्च करूंगा।
इससे पहले रविवार को आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव से पहले भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा ईडी का इस्तेमाल करने की आशंका जताई थी। पंजाब में चुनावी व्यस्तता के बीच दिल्ली लौटे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डिजिटल प्रेसवार्ता कर कहा था कि पंजाब मतदान से पहले आप के वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन को ईडी गिरफ्तार करने वाली है।उन्होंने कहा कि भाजपा जब भी कहीं चुनाव हार रही होती है, तो वह अपनी सारी एजेंसियों को ऐसे ही छोड़ देती है। सत्येंद्र जैन पर पहले भी केंद्र सरकार दो बार रेड करवा चुकी है और कुछ नहीं मिला।
हम चन्नी जी की तरह रोएंगे नहीं
आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम लोगों ने कभी कोई गलत काम किया नहीं है। हम सब पर रेड हो चुकी है। मुझ पर रेड हो चुकी है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ऊपर रेड हो चुकी है।सत्येंद्र जैन पर भी रेड हो चुकी है। हमारे 21 विधायकों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सारे मामले कोर्ट से छूट गए। सत्येंद्र जैन के मामले में क्या होगा? उन्हें ये गिरफ्तार करेंगे और 5-10 दिन में जमानत हो जाएगी और वो बाहर आ जाएंगे। हमें न जेल जाने से डर लगता है और न आपकी रेड से डर लगता है। हम चन्नी जी की तरह रोएंगे नहीं हैं। हम चन्नी जी की तरह बौखलाएंगे नहीं।