दिल्ली में दबंगई, टक्कर मारने के बाद महिला पर चढ़ा दी कार, वीडियो हो रहा वायरल
घटना शुक्रवार की है और अब जाकर इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नई दिल्ली [स्वदेश कुमार]। मयूर विहार फेज-एक के चिल्ला गांव में एक युवक ने कार से महिला को टक्कर मार दी। महिला कार की बोनट से होते हुए सड़क पर गिर गईं। लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की तो आरोपित ने भागने के क्रम में उन पर कार चढ़ा दी। इसके बाद भी आरोपित ने कार नहीं रोकी और भागने लगा। लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं पुलिस ने जख्मी हालत में 54 वर्षीय अजीरन नामक महिला को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। आरोपित की पहचान भानू प्रताप के रूप में हुई है। वह बोतलबंद पानी की सप्लाई का काम करता है। पुलिस ने उसकी ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस उपायुक्त जसमीत ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से सहरसा, बिहार की रहने वालीं अजीरन परिवार के साथ यहां चिल्ला गांव में किराये पर रहती हैं। पति मोहम्मद शुभान बेलदारी का काम करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 6ः30 बजे अजीरन बाजार से सब्जी लेने के लिए निकली थीं। इसी दौरान शशि गार्डन की तरफ से एक कार गली में आई। अजीरन के मुताबिक वह आगे चल रही थीं। आरोपित ने हार्न भी नहीं बजाया और पीछे से टक्कर मार दी। वह उछलकर कार की बोनट पर गिरीं। लेकिन आरोपित ने कार नहीं रोकी। वह फिर सड़क पर गिर गईं। लोगों ने अजीरन को उठाने की कोशिश की। इस बीच आरोपित ने कार को थोड़ा मोड़कर भगाने की कोशिश की। इसमें अजीरन के पैरों पर कार चढ़ गई। अागे और पीछे के पहिये अजीरन के पैरों पर चढ़ गए। इस दौरान काफी भीड़ जुट गई और लोगों ने आरोपित को आगे जाकर रोक लिया।
समझौते के लिए दिए 30 हजार रुपये
अजीरन के पति शुभान ने बताया कि रात तक आरोपित पक्ष समझौते के लिए दबाव डालता रहा। उनके बेटों को बुलाकर 30 हजार रुपये भी दिए। लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। उनका आरोप है कि आरोपित नशे में था। हालांकि पुलिस उपायुक्त ने इससे इन्कार कर दिया है।