CAB Delhi Protest: दिल्ली में सभी मेट्रो पर मिल रही एंट्री, सामान्य है ट्रेन सेवा
CAB Delhi Protest दिल्ली में नागरिकता कानून के विरोध में बुधवार को भी संभावित प्रदर्शन के मद्देनजर तीन मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।
नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली में नागरिकता कानून के विरोध में बुधवार को भी संभावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) ने पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद, मौजपुर और बदरपुर मेट्रो स्टेशन पर आवाजाही ठप कर दी है। कहने का मतलब इन तीनों मेट्रो स्टेशन न तो यात्री जा सकेंगे और न ही स्टेशन से बाहर निकल सकेंगे। इसके अलावा, जामिया के आसपास दिल्ली यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन भी किया है।
मंगलवार को भी सात मेट्रो स्टेशन रहे बंद
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के कारण मंगलवार को भी सात मेट्रो स्टेशन बंद रहे। दिल्ली पुलिस के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने वेलकम, जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकुलपुरी, जौहरी एंक्लेव, शिव विहार व सीलमपुर स्टेशन से दोपहर में यात्रियों का आवागमन रोक दिया। इसमें छह स्टेशन पिंक लाइन के हैं। इस वजह से पिंक लाइन पर वेलकम से शिव विहार के बीच मेट्रो का परिचालन प्रभावित रहा।
दिल्ली मेट्रो के अनुसार सुरक्षा के लिहाज से सबसे पहले वेलकम, जाफराबाद व मौजपुर-बाबरपुर मेट्रो स्टेशन बंद किए गए। इसके बाद अन्य चार स्टेशन भी बंद कर दिए गए। इसमें सीलमपुर स्टेशन रेड लाइन मेट्रो कॉरिडोर पर है। वहीं वेलकम पिंक लाइन व रेड लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन है। सीलमपुर स्टेशन करीब सवा घंटे बंद रहा। इसे शाम साढ़े चार बजे दोबारा खोल दिया गया। वहीं शाम 5:55 बजे वेलकम, गोकुलपुरी, जौहरी एंक्लेव व शिव विहार मेट्रो स्टेशन भी खोल दिए गए, लेकिन जाफराबाद व मौजपुर-बाबरपुर देर शाम तक बंद थे।
किस स्टेशन को किया बंद
- 2:59 बजे- वेलकम, जाफराबाद व मौजपुर-बाबरपुर स्टेशन बंद।
- 3:12 बजे- सीलमपुर व गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन बंद।
- 3:29 बजे- जौहरी एंक्लेव व शिव विहार मेट्रो स्टेशन बंद।