रसोई में कीटनाशक स्प्रे छिड़कने के दौरान लगी आग, दंपती झुलसे, पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल
रोमिना रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान उन्हें किचन में कॉकरोच दिखाई दिया। उन्होंने पास में पड़ा कीटनाशक उठाकर कॉकरोच पर स्प्रे किया ही था कि अचानक पास में जल रहे गैस चूल्हे ने आग पकड़ ली।
गाजियाबाद [जेएनएन]। वसुंधरा सेक्टर-1 में रसोई में काम करने के दौरान आग लगने से एक महिला झुलस गई। खाना बनाने के दौरान अचानक पास में कॉकरोच देखकर महिला ने कीटनाशक स्प्रे का प्रयोग कर दिया। इसी दौरान स्प्रे से पास में जल रही गैस ने आग पकड़ ली। आग से महिला को बचाने के दौरान पति भी झुलस गया। दोनों का वैशाली के मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यूं लगी आग
एसएचओ इंदिरापुरम सचिन मलिक ने बताया कि वसुंधरा मकान संख्या 864/1 में मनोज राजपूत (28) अपनी पत्नी रोमिना (27) के साथ रहते हैं। मनोज नोएडा की निजी कंपनी में कार्यरत हैं। सोमवार को उनकी नाइट शिफ्ट थी और वह ड्राइंग रूम में थे। रोमिना रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान उन्हें किचन में कॉकरोच दिखाई दिया। उन्होंने पास में पड़ा कीटनाशक उठाकर कॉकरोच पर स्प्रे किया ही था कि अचानक पास में जल रहे गैस चूल्हे ने आग पकड़ ली।
आसपास के लोगों ने बुझाई आग
आग रोमिना के कपड़ों में भी लग गई। उनकी चीख सुनकर मनोज रसोई में पहुंचे और गैस बंद कर आग बुझाने का प्रयास किया। मनोज ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। लोगों ने आग बुझाई और दोनों को इंदिरापुरम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उन्हें वैशाली के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दोनों की हालत खतरे से बाहर
आग लगने की वजह से महिला के हाथ व कमर और मनोज के हाथ झुलस गए। दोनों का इलाज कर रहे डॉ. मनोज जौहर ने बताया कि महिला तीस फीसद और पति दस फीसद झुलसे हैं। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। अस्पताल की सूचना पर ही पुलिस को मामले की जानकारी मिली।
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस की शर्मनाक करतूत, नग्न अवस्था में आरोपी को दबोचा, भीड़ ने देखी 'न्यूड परेड'