लड़की ने घर में घुसे चोर को देख लिया तो चोर ने मारा थप्पड़, जानें फिर क्या हुआ
मंडावली इलाके में चोरी करने के इरादे से एक घर में घुसे चोर से बारहवीं की छात्रा भिड़ गई। आरोपित ने रसोई में रखे चाकू से छात्रा पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। मंडावली इलाके में चोरी करने के इरादे से एक घर में घुसे चोर से बारहवीं की छात्रा भिड़ गई। आरोपित ने रसोई में रखे चाकू से छात्रा पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से वह भाग गया। परिवार ने जख्मी हालत में साक्षी (19) को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने साक्षी (19) के बयान पर केस दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने साक्षी की बहादुरी की प्रशंसा की है। साक्षी परिवार के साथ वेस्ट विनोद नगर में रहती है। पिता वीरेंद्र एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं।
शुक्रवार दोपहर साक्षी घर में अकेली थी। परिवार के बाकी सदस्य बाहर गए हुए थे। घर का पीछे का दरवाजा खुला था। इससे करीब 25-26 साल का चोर घर में दाखिल हो गया। साक्षी उस वक्त रसोई में काम कर रही थी। आरोपित एक कमरे में घुस गया। इस दौरान साक्षी को उसकी आहट मिल गई।
साक्षी ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपित ने उसे थप्पड़ मार दिए। इस पर साक्षी उससे भिड़ गई। गुत्थम-गुत्था के बीच आरोपित भागकर रसोई में पहुंच गया और वहां से चाकू उठाकर साक्षी पर हमला कर दिया। साक्षी के हाथ पर चाकू लग गया।
यह देख आरोपित पिछले दरवाजे से ही भाग निकला। शोर सुनकर पड़ोसी आ गए। उन्होंने साक्षी को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिवार के सदस्यों को सूचना दी गई। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है।