Delhi News: मूर्ति विसर्जन के दौरान यमुना में डूबे दो किशोरों के शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी
गणेश चतुर्थी के बाद शनिवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान यमुना में डूबे तीन बच्चों में से दो के शव सोमवार को बरामद कर लिए गए हैं। दिल्ली पुलिस तीसरे युवक की तलाश में जुटी है। पुलिसएनडीआरएफ व गोताखोरों की टीम युवकों की तलाश में जुुटी थी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। गणेश चतुर्थी के बाद शनिवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान यमुना में डूबे तीन बच्चों में से दो के शव सोमवार को बरामद कर लिए गए हैं। पिछले तीन दिन से किशोरों की तलाश के लिए पुलिस व गोताखोरों की टीम ने अभियान चलाया था, लेकिन रविवार शाम तक भी तीनों किशोरों का कोई पता नहीं चल सका था।
दरअसल, शनिवार शाम के समय करावल नगर के अंकुर एक्लेव से एक टेंपो में लोग भगवान गणेश की मूर्ति को लेकर विसर्जन के लिए सोनिया विहार दूसरा पुश्ता पर आए थे। नाचते गाते लोग यमुना में उतरे तो चारों किशोर भी झूमते हुए गहरे पानी की ओर चले गए। थोड़ी देर में ही चारों किशोर पानी के बहाव में डूबने लगे। चीख-पुकार मची तो विजय को बचा लिया गया, लेकिन बाकी तीनों किशोर गहरे पानी में समा गए। सूचना मिलने पर पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम दिनभर उनकी तलाश करती रही। इस दौरान तीनों किशोरों के स्वजन अपने बच्चों की आस में यमुना किनारे बैठे रहे।
सोमवार सुबह फिर से बचाव कार्य चलाया गया तो दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दो मोटर बोट से 11 गोताखोर लगातार किशोरों की तलाश में जुटे थे । घटनास्थल के साथ ही आइटीओ व का¨लदीकुंज क्षेत्र में भी तलाश की गई। यमुना में बहे तीनों किशोर करावल नगर के अंकुर विहार में रहते हैं। 15 वर्षीय विवेक के परिवार में पिता नरेंद्र, मां वीना, एक भाई अभिषेक व बहन अंजलि हैं। वह 11वीं कक्षा का छात्र है। वहीं 12 वर्षीय आर्यन उर्फ शिवम सातवीं कक्षा का छात्र है और इसके परिवार में पिता आमोद कुमार, मां सोनी, दो बहन खुशी और मुस्कान हैं। इनके पिता कढ़ाई का काम करते हैं। वहीं 16 वर्षीय विजय के परिवार में पिता मनोज, मां नीरज के अलावा भाई विवेक और बहन निशा हैं।
युवक ने छलांग लगाकर एक किशोर को बचाया: शनिवार शाम को विवेक, आर्यन, विजय व विजय राठौर कालोनी वालों के साथ मूर्ति विसर्जन करने सोनिया विहार के दूसरे पुश्ते पर आए थे। इस दौरान चारों किशोर गहरे पानी में चले गए। चारों को डूबता देखकर एक युवक ने कूदकर विजय राठौर को पानी से निकाल लिया, लेकिन बाकी तीनों किशोर बह गए। किशोरों के बहने का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा था। सोमवार को पुलिस ने दो किशोर के शव बरामद कर परिजनों को सौप दिए हैं।