Move to Jagran APP

लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी BJP, पूर्वांचल महाकुंभ से होगा शंखनाद

23 सितंबर को रामलीला मैदान में पूर्वाचल महाकुंभ कर अमित शाह चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। इसके बाद एक माह के भीतर भाजपा दिल्ली में दो और रैली आयोजित करेगी।

By Amit SinghEdited By: Published: Thu, 13 Sep 2018 02:15 PM (IST)Updated: Thu, 13 Sep 2018 02:15 PM (IST)
लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी BJP, पूर्वांचल महाकुंभ से होगा शंखनाद
लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी BJP, पूर्वांचल महाकुंभ से होगा शंखनाद

नई दिल्ली (जेएनएन)। भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। इसे लेकर नेताओं व कार्यकर्ताओं की लगातार बैठकें हो रही हैं। वहीं, 23 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में पूर्वाचल महाकुंभ का आयोजन करके पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। इसके बाद एक माह के भीतर भाजपा दिल्ली में दो और रैली आयोजित करेगी। इसके जरिये वह कार्यकर्ताओं में जोश भरना चाहती है, ताकि लोकसभा चुनाव में जीत की राह आसान हो सके।

loksabha election banner

भाजपा दिल्ली में एक बार फिर से 2014 लोकसभा चुनाव की जीत दोहराना चाहती है। यहां की सभी सातों सीटों पर एक बार फिर से भगवा परचम लहराए, इसके लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। पार्टी अपने परंपरागत वोट बैंक को बनाए रखने के साथ ही नए लोगों को साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। उसकी नजर दिल्ली की चुनावी सियासत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूरबिया मतदाताओं पर है।

कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के समर्थक माने जाने वाले पूर्वाचल के लोगों को पार्टी अपने साथ जोड़ रही है। उसे उम्मीद है कि प्रसिद्ध भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी को दिल्ली प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने से बिहार, झारखंड व उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ा है। इसे और मजबूत किए जाने की जरूरत है। इसलिए पार्टी रामलीला मैदान से दिल्ली में चुनाव प्रचार का आगाज पूर्वाचल महाकुंभ से करने जा रही है।

इस रैली में भीड़ जुटाकर यह संदेश देने की कोशिश है कि पूरबिया लोग अब भाजपा के साथ हैं। भाजपा पूर्वाचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह का कहना है कि महाकुंभ में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, राधामोहन सिंह, डॉ. हर्षवर्धन, धर्मेद्र प्रधान, मनोज सिन्हा, गिरिराज सिंह, अश्विनी चौबे, शिव प्रताप शुक्ला, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी व दिल्ली के सभी सांसदों के साथ ही दिल्ली व पूर्वाचल से जुड़े अन्य नेता शामिल होंगे।

भाजपा नेताओं का दावा है कि दिल्ली में पहली बार पूर्वाचल के लोगों को लेकर इतनी बड़ी रैली की जा रही है। रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता दिन रात मेहनत कर रहे हैं। रैली स्थल पर पहुंचने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए 1500 बस प्रमुखों की नियुक्ति की गई है। बस प्रमुखों व अन्य नेताओं से संपर्क करने के लिए प्रदेश कार्यालय में कॉल सेंटर भी बनाया गया है। इस रैली के बाद दिल्ली में भाजपा युवा मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा की भी रैली होगी।

रद्द हो ‘आपका’ चुनाव चिन्हः भाजपा

आम आदमी पार्टी (आप) को चुनाव आयोग की ओर से नोटिस भेजे जाने से विपक्ष को मुद्दा मिल गया है। उसने चुनाव आयोग से आप का चुनाव चिह्न रद करने की मांग की है। उसका कहना है कि भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा करके लोगों का समर्थन हासिल करने वाली पार्टी हवाला कारोबारियों से मिली हुई है। उनसे इसे भारी भरकम चंदा मिला है। इसलिए इसकी मान्यता रद की जानी चाहिए।

भाजपा का कहना है कि हवाला कारोबारियों से चंदा लेने के आरोप में चुनाव आयोग ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि हवाला कारोबारियों से 2 करोड़ का चंदा लेकर इसे स्वैछिक दान के रूप में दिखाया गया है। जिन कंपनियों के बैंक खाते से ये पैसे आप को मिले थे, वे फर्जी थीं। इन सभी कंपनियों का एक ही निदेशक था, जिसके घर से नोटबंदी के समय भारी मात्र में नकदी मिली थी। वहीं, आप के खाते 67.67 करोड़ रुपये आए थे, लेकिन इनमें से केवल 54.15 करोड़ रुपये की जानकारी दी गई।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि आप ने आयकर विभाग व चुनाव आयोग को गलत जानकारी दी है। आप का यह एक और घोटाला है। दिल्ली के मुख्यमंत्री व पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का वादा करके सत्ता में आई केजरीवाल सरकार और आम आदमी पार्टी आज खुद ही भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त है। इसका यह पहला घोटाला नहीं है। केजरीवाल सरकार के शासनकाल में राशन घोटाला, टैंकर घोटाला, प्याज घोटाला, चीनी घोटाला आदि सामने आ चुके हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.