BJP का सीएम आवास के सामने प्रदर्शन, कहा- प्रदूषण की समस्या पर विपक्ष से चर्चा नहीं कर रही सरकार
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि पराली से खाद बनाने के नाम पर 16 करोड़ रुपये बर्बाद कर दिए गए। इस राशि से स्माग टावर लगाने से लोगों को कुछ राहत मिलती। दिल्ली सरकार बार-बार दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब व हरियाणा को जिम्मेदार ठहराती है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। प्रदूषण की समस्या को लेकर भाजपा का दिल्ली सरकार पर हमला जारी है। बृहस्पतिवार को
भाजपा विधायकों व नेताओं का प्रतिनिधिमंडल इस समस्या पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए उनके आवास पर जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक लिया। नाराज नेताओं ने नारेबाजी की और दिल्ली सरकार पर प्रदूषण की समस्या को लेकर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। सभी ने कहा कि इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री विपक्ष के नेताओं से चर्चा करने को तैयार नहीं हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि पराली से खाद बनाने के नाम पर 16 करोड़ रुपये बर्बाद कर दिए गए। इस राशि से स्माग टावर लगाने से लोगों को कुछ राहत मिलती। दिल्ली सरकार बार-बार दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब व हरियाणा को जिम्मेदार ठहराती है। इसके विपरीत पंजाब और हरियाणा की हवा दिल्ली की तुलना में बेहतर और साफ है। उन्होंने कहा कि पिछले सात सालों में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार सिर्फ घोषणाएं करती रही है और आज दिल्ली की जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है। जनता गैस चैंबर में जीने को मजबूर है। दूसरी ओर सरकार प्रदूषण के प्रति असंवेदनशील रवैया अपना रही है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि सरकार ने पराली से खाद बनाने की बात कही लेकिन हकीकत में खाद नहीं बनाया गया। किसानों को कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था बिल्कुल जर्जर हो चुकी है। सरकार ने 11 हजार इलेक्ट्रिक बसें लाने का वादा किया था लेकिन सात सालों में एक भी बस नहीं खरीदी गई। अभी चल रही बसों की आयु भी पूरी हो गई है। मजबूरन लोग निजी वाहन से चलते हैं। दिल्ली में प्रदूषण के कारणों में इन गाड़ियों का योगदान 41 प्रतिशत है। लोक निर्माण विभाग की टूटी हुई सड़कों से उड़ने वाली धूल से भी हवा खराब हो रही है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता अभय वर्मा, भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट, जितेंद्र महाजन, ओम प्रकाश शर्मा, अनिल वाजपेयी व अजय महावर सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।