NDMC का सदस्य बनने को लेकर खींचतान, पद हासिल करने की कोशिश में जुटे भाजपा नेता
पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय का नाम पिछले काफी समय से एनडीएमसी उपाध्यक्ष के लिए चर्चा में है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष सहित चार सदस्यों का पद भी पिछले काफी समय से खाली है। जल्द ही सदस्यों के नाम तय किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। भाजपा के कई नेता सदस्य बनने की कोशिश में हैं।
विधानसभा चुनाव में टिकट से वंचित रहे नेताओं के नाम की भी चर्चा है। साथ ही संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं की नजर भी एनडीएमसी पर है। पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय का नाम पिछले काफी समय से एनडीएमसी उपाध्यक्ष के लिए चर्चा में है। वह दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने की दौड़ में भी शामिल हैं।
प्रदेश भाजपा के कार्यालय मंत्री भी एनडीएमसी उपाध्यक्ष की कुर्सी हासिल करने की कोशिश में लगे हुए हैं। वहीं, प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल भी इस पद के दावेदार बताए जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव में चहल टिकट पाने से वंचित रह गए थे। इसी तरह से विधानसभा चुनाव में टिकट की दौड़ में पिछड़ गई प्रदेश प्रवक्ता टीना शर्मा को भी कुछ वरिष्ठ नेताओं ने एनडीएमसी का सदस्य बनाने का आश्वासन दिया है। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विशाखा सैलानी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव सहित कई अन्य नेता इस दौड़ में शामिल हैं।
पुजारियों व ग्रंथियों को किया सम्मानित
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन व दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने रविवार को जैन मंदिरों, वाल्मीकि मंदिरों, रविदास मंदिरों, बौद्ध मठों के पुजारियों सहित विभिन्न गुरुद्वारों के ग्रंथियों को कोरोना महामारी संकट के मद्देनजर 5100 रुपये, फल की टोकरी एवं मिठाई आदि देकर उनका सहयोग व सम्मान किया।
रामवीर बिधूड़ी ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान करीब दो माह से मंदिर समेत अन्य धर्मस्थल बंद हैं। ऐसे में यहां के पुजारियों को भी आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए यह सहायता की गई है। सिद्धार्थन ने लोगों को कोरोना वायरस से बचने के लिए शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने के लिए जागरूक किया। बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के साईं लीला ग्रैंड हरिनगर विस्तार में आयोजित कार्यक्रम में सिद्धार्थन व रामवीर बिधूड़ी ने कुल 213 लोगों को सम्मानित किया गया।