दिल्ली नगर निगम चुनाव जीतने में अभी से जुटी भाजपा, फरवरी में सक्रिय होंगे जेपी नड्डा
Municipal Corporation of Delhi Election 2022 कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और जमीनी स्तर पर संगठनात्मक खामियों को दूर करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन कार्यकर्ताओं व जनता से संवाद करेंगे। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। अगले वर्ष होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखकर भाजपा अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की कवायद में जुट गई है। दिल्ली सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने के साथ ही संगठन को धार देने की कोशिश हो रही है। इस कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। दोनों नेता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ ही क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों व पुराने कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर उन्हें सक्रिय करने की कोशिश होगी। पार्टी के सामने नगर निगम में चौथी बार जीत दोहराने की चुनौती है।
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) भी मजबूती के साथ तैयारी में जुटी हुई है। इसे देखते हुए पार्टी अपनी रणनीति बना रही है। कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और जमीनी स्तर पर संगठनात्मक खामियों को दूर करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन कार्यकर्ताओं व जनता से संवाद करेंगे। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। जनवरी के तीसरे सप्ताह में दोनों का विधानसभा क्षेत्रों प्रवास शुरू हो सकता है। उनके प्रवास को सफल बनाने की जिम्मेदारी प्रत्येक जिला इकाई की होगी। जिला के एक महामंत्री को इस काम का दायित्व सौंपा जा रहा है। किसी भी विधानसभा क्षेत्र में दोनों नेताओं का अलग-अलग दिन प्रवास होगा। अध्यक्ष उस विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। निगम चुनाव की तैयारी को लेकर उनका मार्ग दर्शन किया जाएगा।
इसके साथ ही रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, व्यापारिक, धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी मुलाकात कर निगम के कामकाज, स्थानीय राजनीति आदि की जानकारी हासिल करेंगे, जिससे कि निगम चुनाव के लिए अचूक रणनीति तैयार हो सके। संगठन महामंत्री उस विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले उन कार्यकर्ताओं से मिलेंगे जिनके पास पहले संगठन की जिम्मेदारी थी और किसी कारणवश इस समय वह सक्रिय नहीं हैं। पार्टी उनके अनुभव का लाभ उठाना चाहती है। उनसे सुझाव लेने के साथ ही उन्हें पार्टी की गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इन दोनों नेताओं के दौरे से टीम गठन को लेकर मंडल स्तर पर यदि कहीं मतभेद है तो उसे सुलझाने में भी मदद मिलेगी।
फरवरी में हो सकता है जेपी नड्डा का प्रवास
कोरोना से संक्रमित होने के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का दिसंबर में होने वाला दिल्ली प्रवास स्थगित कर दिया गया था। उम्मीद है कि फरवरी के पहले सप्ताह में वह दिल्ली का प्रवास करेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह प्रदेश से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो