Bigg boss के विजेता मनवीर शिक्षा में जीरो, लेकिन फन में हीरो
मनवीर बचपन से ही अपने मन की करता था। उसे पढ़ाई में ज्यादा रुचि नहीं थी। उसने खुद ही पिता महाराज सिंह को बता दिया कि वह अब आगे पढ़ाई नहीं करेगा।
नोएडा [ जेएनएन ] । कहने को तो कई बार मजाक करने की आदत लोगों के कई परेशानियोंं में डाल देती है। कई बार करीबियों को दूर कर देती है। लेकिन मनवीर गूर्जर की यही आदत उसे सबके करीब लाती थी।
उसका बिंदास अंदाज लोगों से दिल जोडऩे में काफी मदद करता था। यही वजह थी जिससे वह आज देश के सबसे बड़े रिएलिटी शो के फाइनल में पहुंचा और जानेमाने चेहरों के बीच एक अलग पहचान बनाई।
मनवीर के बड़े भाई अनूप गूर्जर ने बताया कि मनवीर ने सिर्फ आठवीं तक की पढ़ाई की और उसके बाद मामा करन नागर के साथ मिलकर फरीदाबाद के नवादा गांव में डेयरी का काम शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ेंं: जानें, Bigg boss के विजेता मनवीर गुर्जर का केजरीवाल से है ये कैसा रिश्ता!
मनवीर बचपन से ही अपने मन की करता था। उसे पढ़ाई में ज्यादा रुचि नहीं थी। उसने खुद ही पिता महाराज सिंह को बता दिया कि वह अब आगे पढ़ाई नहीं करेगा। अनूप ने बताया कि मनवीर का जैसा व्यवहार बिग बॉस में हैं ठीक वैसा घर पर और गांव में सभी के साथ है।
उसके साथ जो भी बात कर लेता है वह शख्स कभी उसे नहीं भूल सकता। लोगों के साथ जुडऩे उन्हें दोस्त बनाने में उसे किसी तरह की दिक्कत नहीं होती।
उसके मजाक करने की आदत और बिंदास रवैया लोगों को उसके पास ले आता है। उसकी खुशमिजाजी लोगों को उससे जुड़े रहने पर मजबूर कर देती है। हालांकि, वह बचपन में काफी शरारती था।
सेक्टर 29 के लॉर्ड महावीर स्कूल से उसने पढ़ाई की है। ऐसा कोई दिन नहीं होता था जब उसकी शिकायत न आती हो। पढ़ाई में दिलचस्पी न होने के कारण घर में लोगों को उसकी फिक्र भी रहती थी। लेकिन इतना पता था कि वह जो कुछ करेगा उससे हम सब को काफी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
भतीजे के बनाए वीडियो ने बनाया स्टार
मनवीरे के भतीजे और बड़े भाई अनूप के बेटे लवीश ने चाचा मनवीर की वीडियो बनाई थी जिससे आज वह लोगों के घर घर में जगह बना चुका है।
मार्डन स्कूल के क्लास 5वीं के छात्र लवीश ने बताया कि उसने टीवी पर बिग बॉस का प्रोमो देखा था। उसी वक्त चाचा मनवीर की याद आ गई। लवीश के मुताबिक चाचा का स्मार्ट लुक ने उसके जहन में ये आइडिया लाया और उसने मनवीर को वीडियो बनाने के लिए कहा।
लवीश ने बताया कि स्कूल में उसके दोस्त चाचा से मिलने के लिए कहते हैं। स्कूल में सभी लोग अब मुझे पहचानते हैं। एक स्टार जैसी फीलिंग आती है। ये पूछे जाने पर कि चाचा से मिलकर वह उनसे क्या पहली चीज मांगेंगे उस पर लवीश ने बताया कि वह चाचा के साथ जगह जगह जहां वह जाएंगे वहां उसके साथ घूमेगा।
बिगबॉस से आई कॉल के बाद हुई परिजनों को जानकारी
मई के दौरान बिग बॉस के लिए टीवी पर एड आया था। इसके बाद मनवीर ने बिग बॉस में रजिस्टर्ड किया। भतीजे लवीश और दोस्तों के साथ मिलकर मजाक मजाक में वीडियो बना कर भेज दी, लेकिन इसकी जानकारी घर में किसी को नहीं दी।
यहां तक कि भाइयों को भी नहीं बताया। जून के आखिरी में मनवीर का दिल्ली में होने वाले आडिशन के लिए कॉल आया। इसके बाद सितंबर की शुरुआत में उसे शो में शामिल होने के लिए कॉल आई, जिसके बाद घर वालों को जानकारी हुई।