दिल्ली के लोगों मिलने जा रही है एक बड़ी सुविधा, स्वामी दयानंद अस्पताल का नया ऑपरेशन थियेटर तैयार
पहले यहां एक ऑपरेशन थियेटर भवन खतरनाक होने के कारण बंद किया जा चुका है। इसके बाद से ही नए ऑपरेशन थियेटर की जरूरत महसूस की जा रही थी। लेबरू रूम और वार्ड में बेड की संख्या बढ़ने के साथ अस्पताल की कुल क्षमता में भी विस्तार होगा।
नई दिल्ली, स्वदेश कुमार। कोरोना काल में स्वामी दयानंद अस्पताल पर बोझ काफी बढ़ गया है। 1500 बेड की क्षमता वाले जीटीबी अस्पताल के कोरोना विशेष होने के कारण यहां के मरीजों का भी सहारा स्वामी दयानंद अस्पताल बन गया है। जीटीबी अस्पताल के एक तिहाई से भी कम बेड क्षमता के साथ यह अस्पताल मरीजों की सेवा करने में जुटा है। इसमें सबसे ज्यादा दिक्कत गर्भवती महिलाओ को लेकर हो रही थी। अस्पताल में अभी दो ऑपरेशन थियेटर हैं। इन दोनों को गर्भवती महिलाओं के लिए समर्पित कर दिया है। इसकी वजह से दूसरी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन बंद हैं। नतीजतन ऑपरेशन की तारीख अब डेढ़ से दो साल बाद की मिलने लगी है। लेकिन अब मरीजों को राहत मिलने वाली है। यहां नया ऑपरेशन थियेटर बनकर तैयार है। इसके उद्घाटन का इंतजार किया जा रहा है।
दरअसल कोरोना से पहले यहां प्रतिदिन दस महिलाओं का प्रसव होता था। कोरोना में यह बढ़कर 50 तक पहुंच गया है। इसी तरह से इमरजेंसी में भी मरीजों की संख्या में काफी बढोत्तरी है। ओपीडी में दो पाली में मरीजों को देखा जा रहा है। ऑपरेशन सिर्फ इमरजेंसी में आए मरीजों या गर्भवती महिलाओं का हो पा रहा है।
पथरी सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों का इंतजार बढ़ रहा है। इस बीच मातृ-शिशु देखभाल केंद्र के पास नई बिल्डिंग बनाई गई है। इसमें पहली मंजिल पर ऑपरेशन थियेटर बनाया गया है। भूतल पर लेबर रूम और दूसरी मंजिल पर वार्ड बनाया गया है। इनमें दस-दस बेड का फिलहाल इंतजाम किया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि यह ऑपरेशन थियेटर गर्भवती महिलाओं के लिए ही रहेगा। जबकि पुराने दोनों ऑपरेशन थियेटर में गर्भवती महिलाओं के साथ अन्य मरीजों का ऑपरेशन किया जा सकता है।
इससे पहले यहां एक ऑपरेशन थियेटर भवन खतरनाक होने के कारण बंद किया जा चुका है। इसके बाद से ही नए ऑपरेशन थियेटर की जरूरत महसूस की जा रही थी। लेबरू रूम और वार्ड में बेड की संख्या बढ़ने के साथ अस्पताल की कुल क्षमता में भी विस्तार होगा। अभी अस्पताल की क्षमता करीब 370 बेड की है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि दीवाली से पहले ही इसके उद्घाटन की तैयारी थी। लेकिन तब स्थानीय सांसद मनोज तिवारी बिहार में चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। इस वजह से इसे टाल दिया गया। अब वह दिल्ली लौट चुके हैं। ऐसे में जल्द ही उद्घाटन की तैयारी है।
पूर्वी नगर निगम के इस सबसे बड़े अस्पताल ने कोरोना काल में जो सेवाएं दी हैं, वह उल्लेखनीय है। इस अस्पताल पर इस समय मरीजों का काफी बोझ है। हमारी कोशिश है कि यहां किसी भी मरीज को दिक्कत न हो। इसलिए नया ऑपरेशन थियेटर तैयार किया गया है। जल्द ही इसे जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
कंचन महेश्वरी, चेयरपर्सन, स्वास्थ्य समिति, पूर्वी दिल्ली नगर निगम
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो