‘भूत’ का शिकार बनी किशोरी और उसकी मां, जानें- क्यों किया था हमला
बताया जा रहा है कि ‘भूत’ ने किशोरी से शादी करने के लिए कहा था। किशोरी के मना करने पर उसने हमला किया है। शनिवार रात किशोरी के घर के पास हुई वारदात।
नई दिल्ली (जेएनएन)। पूर्वी दिल्ली स्थित कृष्णा नगर इलाके में ‘भूत’ ने शनिवार रात एक किशोरी और उसकी मां पर हमला कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ‘भूत’ ने किशोरी से शादी करने के लिए कहा था। किशोरी के मना करने पर उसने हमला किया है।
ये हमला किसी किसी भूत-प्रेत का नहीं, बल्कि एक सिरफिरे आशिक का है, जिसका नाम आशु उर्फ भूत है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित भूत लड़की को धमकी देकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय पीड़िता अपने परिवार के साथ शंकर नगर एक्सटेंशन में रहती है। दो वर्ष पहले उसकी हेडगेवार अस्पताल में आशु के साथ दोस्ती हो गई थी। इस मुलाकात के बाद वह दोनों फोन पर बात करने लगे। कई महीने पहले आशु के ताऊ के बेटे ने लड़की की मां से दोनों की शादी की बात की थी, लेकिन मां ने बात को टाल दिया। इसके बाद लड़की ने आशु से दूरी बनानी शुरू कर दी थी।
गत शुक्रवार को आशु ने लड़की को मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन उसने तबीयत खराब होने की बात कहकर मिलने से इन्कार कर दिया। शनिवार को आशु ने अज्ञात नंबर से लड़की को फोन किया, लेकिन उसने आवाज पचानते ही फोन काट दिया। रात दस बजे के आसपास आशु लड़की के घर पहुंच गया। दोनों गली में खड़े होकर बात कर रहे थे।
आशु ने लड़की से कहा कि वह उसका फोन क्यों नहीं उठा रही, इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसी बीच आशु ने चाकू निकालकर उसे मार दिया। शोर सुनकर जब लड़की की मां उसे बचाने आई तो आरोपित ने उसे भी चाकू मार दिया।