Move to Jagran APP

Ayodhya Ram Mandir: राम काज संवारने उतरेगी भाजपा की टोली

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने देशव्यापी निधि समर्पण अभियान शुरू किया है। भाजपा भी इस अभियान में अपना योगदान देगी। दिल्ली भाजपा में इसके लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक टीम तैयार की जा रही है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Published: Sun, 17 Jan 2021 12:38 PM (IST)Updated: Sun, 17 Jan 2021 12:38 PM (IST)
Ayodhya Ram Mandir: राम काज संवारने उतरेगी भाजपा की टोली
प्रत्येक शक्ति केंद्र पर पांच लोगों की टोली तैनात की जा रही है।

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने देशव्यापी निधि समर्पण अभियान शुरू किया है। भाजपा भी इस अभियान में अपना योगदान देगी। दिल्ली भाजपा में इसके लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक टीम तैयार की जा रही है। पार्टी की कोशिश प्रत्येक परिवार से संपर्क करके उससे मंदिर निर्माण में सहयोग हासिल करने की है, इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे।

loksabha election banner

इस अभियान से नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुटी पार्टी को अपना जनाधार बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। शनिवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें निधि समर्पण अभियान के लिए रूपरेखा तैयार की गई। 

प्रदेश स्तर पर तीन सदस्यीय समन्वय समिति बनाई गई है। इसमें प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा, महामंत्री कुलजीत सिंह चहल और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष योगिता सिंह शामिल हैं। इनकी देखरेख में अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। इन्हें सहयोग देने के लिए दस लोगों की टोली होगी। इसके साथ ही प्रत्येक जिले और मंडलों में 11-11 सदस्यों की टोली होगी। शहरी केंद्रों पर भी पांच-पांच लोगों की टोली काम करेगी। 

दिल्ली में भाजपा के 27 सौ शक्ति केंद्र हैं। एक शक्ति केंद्र में चार से छह बूथ हैं। इसे ध्यान में रखकर प्रत्येक शक्ति केंद्र पर पांच लोगों की टोली तैनात की जा रही है। यानी एक बूथ पर एक संयोजक होगा और उसके साथ कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। अमीर व गरीब में भेदभाव किए बगैर प्रत्येक नागरिक से संपर्क करने की कोशिश होगी। इसे ध्यान में रखकर दस रुपये, एक सौ और एक हजार रुपये की रसीद छपवाई गई है।

अभियान से लोगों को जोड़ने के लिए मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेट्रो स्टेशनों के बाहर व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम चलेंगे। जगह-जगह प्रभात फेरी निकाली जाएगी और वीडियो रथ के जरिये भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। अलग-अलग क्षेत्र के प्रसिद्ध लोगों से मुलाकात कर उन्हें भी अभियान में शामिल किया जाएगा। 

भाजपा नेताओं का कहना है कि इस अभियान से कार्यकर्ताओं का जनता से जुड़ाव भी बढ़ेगा। प्रत्येक वर्ग व विचारधारा के लोगों से मिलने की तैयारी है। कार्यकर्ता लोगों के संपर्क में आएंगे। 

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.