Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan: राम मंदिर भूमि पूजन पर जारी है सियासत, AAP नेता संजय सिंह ने भी किया हमला
Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को नहीं बुलाने के मुद्दे पर सियासत जारी है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को न बुलाने के मुद्दे पर राजनीति तेज हो गई है। AAP के नेता संजय सिंह ने रविवार को फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही कहा कि राष्ट्रपति को भूमि पूजन में नहीं बुलाने की भाजपा को वजह बतानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट बैंक के लिए एक दलित को देश का राष्ट्रपति तो बना सकती है, लेकिन दलित के साथ भूमि पूजन नहीं कर सकती है। यह भाजपा के दोहरे चरित्र को दर्शाती है।
दरअसल, संजय सिंह ने शुक्रवार की देर रात ट्वीट किया था। इसमें लिखा था कि उन्हें एक दलित नेता ने फोन किया और कहा कि राष्ट्रपति दलित हैं, उन्हें नहीं बुलाया, उप मुख्यमंत्री मौर्य हैं, उन्हें नही बुलाया गया। ऐसा क्यों? भाजपा दलितों को मंदिरों से बाहर क्यों रखना चाहती है? संजय सिंह के इस ट्वीट के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने बिना किसी का नाम लिए भूमि पूजन के आमंत्रण और पूजन स्थल पर मौजूद रहने की तस्वीर पोस्ट की थी।
संजय सिंह झूठ फैला रहे हैं, माफी मांगें : बिधूड़ी
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि AAP नेता भूमि पूजन समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को नहीं बुलाने का झूठ फैला रहे हैं। केशव प्रसाद मौर्य समारोह में मौजूद थे। इस तरह के दुष्प्रचार के लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। यदि वह माफी नहीं मांगते हैं तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनके खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि भाजपा व केंद्र सरकार अनुसूचित जाति व गरीबों के हित का ध्यान रखती है। केंद्र सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। बाबा साहब अंबेडकर से जुड़े स्थानों को विकसित किया गया है। इन्हें पंचतीर्थ का नाम दिया गया है। वहीं, दिल्ली सरकार अनुसूचित जाति विरोधी है। वह गरीब व अनुसूचित जाति से संबंधित बच्चों के मध्याह्न भोजन के भत्ते तक का पैसा डकार गई, इसे लेकर हाई कोर्ट ने भी नाराजगी जताई है।