केंद्रीय खेल मंत्री ने दिल्ली में किया खेलो इंडिया महिला हाकी लीग का उद्घाटन, कहा- खेल से बड़ा कोई नहीं
खेल से बड़ा कोई नहीं है खेल ही सर्वोत्तम है। किसी खिलाड़ी के बीच में क्या चल रहा है मैं उसकी जानकारी नहीं दे सकता हूं। ये उनसे संबंधित एसोसिएशन या संस्थान की जिम्मेदारी है। यही सही होगा कि वो इस पर जानकारी दें। यह बातें अनुराग ठाकुर ने कही।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। खेल से बड़ा कोई नहीं है, खेल ही सर्वोत्तम है। किसी खिलाड़ी के बीच में क्या चल रहा है, मैं उसकी जानकारी नहीं दे सकता हूं। ये उनसे संबंधित एसोसिएशन या संस्थान की जिम्मेदारी है। यही सही होगा कि वो इस पर जानकारी दें। यह बातें केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में खेलो इंडिया महिला हाकी लीग (अंडर-21) का उद्घाटन करने के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में कहीं। दरअसल किक्रेट टीम दक्षिण अफ्रीका दौरे की तैयारियों में है लेकिन उससे पहले कप्तानी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है।
विराट कोहली को वनडे की कप्तानी से हटाए जाने और रोहित शर्मा के टेस्ट सीरीज से बाहर होने के बाद से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि विराट और रोहित एक-दूसरे की कप्तानी में खेलने से बच रहे हैं और कप्तानी को लेकर दोनों के बीच मतभेद बढ़ता जा रहा है। इसलिए खेल मंत्री से दोनों कप्तानों के बीच मतभेद को लेकर सवाल पूछा गया था। इससे पहले महिला हाकी टूर्नामेंट का खेल मंत्री और खेल राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने संयुक्त रूप से ट्राफी का अनावरण कर उद्धाटन किया। इसके बाद बाद सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। टूर्नामेंट का पहला मैच ओडिशा नवल टाटा परफार्मेंस सेंटर (ओएनटीपीसी) और राज करन अकादमी के बीच खेला गया। जिसमें ओएनटीपीसी की टीम 1-0 से विजयी रही।
वहीं, दूसरे मैच में हाकी इंडिया जूनियर महिला टीम ने स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया (साई) बी को 6-0, तीसरे मैच में खालसा हाकी अकादमी अमृतसर की टीम ने मुंबई स्कूल सेंटर की टीम को 15-0 और चौथे मैच में स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया (साई) ए की टीम ने स्पोर्ट्स हास्टल भुवनेश्वर की टीम को 7-1 से हराया। टूर्नामेंट के उद्घाटन के दौरान भारतीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा सहित हाकी इंडिया और दिल्ली हाकी के अधिकारी मौजूद रहे। टूर्नामेंट में 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले चरण के सभी मैच 15 से 21 दिसंबर के बीच मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले जाएंगे।