उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक और केंद्रीय विद्यालय बनेगा : मनोज तिवारी
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि जनता की मांग के अनुरूप और निरंतर प्रयास से उनके संसदीय क्षेत्र में एक और केंद्रीय विद्यालय बनाने का रास्ता साफ हो गया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी (North-East Delhi MP Manoj Tiwari) ने बताया कि जनता की मांग के अनुरूप और निरंतर प्रयास से उनके संसदीय क्षेत्र में एक और केंद्रीय विद्यालय बनाने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) द्वारा सर्वे के बाद डीडीए ने चयनित भूमि के आवंटन संबंधी पत्र लिखकर केवीएस से जमीन प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा है। यह जमीन खजूरी खास थाने के पास स्थित है। दरअसल, इस जमीन पर पहले बस-ट्रक का वर्कशॉप और दुकानें बनाने की योजना थी। पर योजना परवान नहीं चढ़ी। बाद में जमीन की उपयोग की श्रेणी बदल दी गई। अब डीडीए यह जमीन 46 रुपये में केंद्रीय विद्यालय संगठन को 99 साल की लीज पर देगा। जिसे समयानुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि हमारे संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय नहीं था। फिलहाल एक केंद्रीय विद्यालय का भवन शाहदरा के रोहताश नगर में बनकर तैयार होने वाला है। यह विद्यालय अभी खिचड़ीपुर केंद्रीय विद्यालय में चल रहा है। 2017 में तिवारी ने केवीएस को एक पत्र भेजा था। जिस पर फैसला लेते हुए तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने क्रमश: खजूरी और बुराड़ी में केंद्रीय विद्यालय को मंजूरी दी थी। लेकिन भूमि के अभाव में यह विद्यालय नहीं बन पा रहे थे। लेकिन, अब भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
उन्होंने कहा कि आगामी 6 माह में खजूरी का केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण शुरू हो जाएगा तब तक यह विद्यालय यमुना विहार के एक निगम विद्यालय में पांचवी तक चलेगा, जबकि बुराड़ी में केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए प्रयास जारी है।