आरक्षणः BJP सांसद ने किया दलित महारैली करने का एलान, जुटेंगे लाखों लोग
भाजपा सांसद उदित राज ने कहा कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक लोग इस दलित महारैली में शामिल होंगे।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली से सांसद व अखिल भारतीय परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदित राज ने दलित महारैली करने की घोषणा की है। अगले माह चार दिसंबर को रामलीला मैदान में रैली होगी। रैली की तैयारियों को लेकर कास्टट्यूशन क्लब में अनुसूचित जाति/ जनजाति संगठनों के अखिल भारतीय परिसंघ कार्यकारिणी की बैठक हुई।
इस बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उदित राज ने कहा कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक लोग इस दलित महारैली में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि देश के कई ऐसे राज्य हैं, जहां लगातार दलितों के साथ अत्याचार बढ़ता जा रहा है। इसका अगर जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो दलित समाज की परेशानियां बढ़ जाएंगी।
उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि पिछले कुछ समय से हर तरफ से आरक्षण पर कुठाराघात किया जा रहा है, इसके लिए सभी को एकजुट होने की जरूरत है।