चिलचिलाती गर्मी में पेश है ये जादुई ड्रिंक्स, खूबी जानेंगे तो हैरान रह जाएंगे
आम पना इमली पना के साथ-साथ तरबूज और कीवी की ठंडाई लोगों की जुबां से कुछ इस कदर चिपकी है कि अब रेस्त्रां में इसमें कुछ और...कुछ और नए एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं।
गुरुग्राम [प्रियंका दुबे मेहता]। बड़े से गिलास में लस्सी से निकलता झाग, उसके ऊपर रूह अफजा और आइसक्रीम का फ्लेवर...हर एक सिप के साथ मुंह में गुलाबी ठंडक घुलती जाती है। पल भर में गिलास कैसे खाली हो जाता है, पता ही नहीं चलता। घंटों बाद भी शरीर में उसकी तरावट महसूस होती है। यही तो है पारंपरिक पेय का जादू, जिसने इस चिलचिलाती गर्मी में लोगों को अपना दीवाना बनाया है। आम पना, इमली पना के साथ-साथ तरबूज और कीवी की ठंडाई लोगों की जुबां से कुछ इस कदर चिपकी है कि अब रेस्त्रां में इसमें कुछ और...कुछ और नए एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं।
देसी-विदेशी फलों का पना
अभी तक तो गर्मियों में आम पना पीते आए होंगे, लेकिन इमली का पना, तरबूज पना व कीवी पना जैसी चीजें भी हो सकती हैं, इसके बारे में नहीं सोचा होगा। रेस्त्रां इसका स्वाद दे रहे हैं, वह भी आकर्षक अंदाज व रंग-बिरंगे स्वरूप में। दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित द मार्केट प्लेस में इसी तरह से फलों के प्रयोग से बने पना में आइसक्रीम का ट्विस्ट भी दिया जा रहा है। इमली के ड्रिंक का स्वाद केवल उन्हीं लोगों को पता होगा, जो ग्रामीण पृष्ठभूमि से होंगे। शहरी बच्चों व युवाओं को इसका सिंथेटिक टेस्ट भले ही पता हो, लेकिन पेड़ से तोड़ी हुई खट्टी कच्ची इमली का स्वाद अधिकतर लोगों को नहीं मालूम होगा। टीएमपी में कच्ची पक्की इमली का पना व सॉफ्ट ड्रिंक का स्वाद ले पाएंगे। देसी मिट्टी की खुशबू दिलो-दिमाग को तरोताजा कर देगी। यहां सभी ड्रिंक्स में टेस्ट एनहांसर के रूप में पुदीने का प्रयोग किया जाता है।
खास हुआ सत्तू ड्रिंक
गाजियाबाद के बीयर हाउस कैफे में भी अब देसी स्वाद के साथ प्रयोग हो रहे हैं। खासकर समर कूलर्स के साथ। यहां पर पारंपरिक सत्तू को मॉकटेल के अंदाज में परोसा जा रहा है। सत्तू में फलों व सब्जियों के फ्लेवर के साथ गिलास के किनारों पर नमक चिपकाया जाता है ताकि हर सिप में नमकीन ठंडक का अनुभव ले सकें। शेफ मुनीश कुमार के मुताबिक यहां की हैदराबादी शिकंजी में क्रिस्पी दाने, पुदीने का फ्लेवर और कुछ सीक्रेट नेचुरल इंग्रेडियंट्स होते हैं जो इसे खास बनाते हैं और गर्मी से भी बचाते हैं।
लस्सी का लाजवाब स्वाद
लस्सी भी अब शहरी नहीं, बल्कि पारंपरिक व देसी अंदाज में पिलाई या यू कहें कि खिलाई जा रही है। गोकुल की वही थक्केदार लस्सी अब दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हॉकर्स कैफे में मिल रही है। आइसक्रीम के लुक और बेहतरीन अंदाज में परोसी जाने वाली लस्सी को चम्मच से खाना होता है। हर बाइट में दही का वही स्वाद और ताजगी फील करेंगे। शेफ शौर्यवीर कपूर कहते हैं कि वे समर कूलर्स के पारंपरिक स्वरूप को विदेशी अंदाज में प्रजेंट कर रहे हैं। इसी तरह से अन्य डिशेज में नींबू, फल और पुदीने का टच दिया जा रहा है।
बेसिल मिंट समर कूलर
गुरुग्राम के जोरैंबो रेस्त्रां में परोसी जाने वाली समर कूलर्स में ट्रॉपिकल स्मूदी, ग्लास ऑफ ओट्स, सिने साइडर कोल्ड ब्रिउ के अलावा लस्सी की ड्रिंक सर्व की जाती है। इन सभी में एक चीज कॉमन है वह है पुदीने के ताजे पत्ते। इसके अलावा वेपर एंक्सचेंज में भी स्मूदीज व कूलर्स को देसी इंग्रेडिएंट्स के साथ बनाया जाता है।
स्पेशल समर कूलर रेसिपी
कीवी पना: कीवी को तंदूर में लगा दें, रोस्ट करने के बाद ब्लैक सॉल्ट, जीरा पाउडर व आइस क्यूब डालकर उसमें पानी मिलाकर चिल करके परोसें।
हैदराबादी शिकंजी : पानी, आइसक्यूब, भुना जीरा, काला नमक, शुगर पाउडर, पुदीना के पत्ते व नींबू का रस मिलाकर इस शिकंजी को तैयार किया जाता है। इसे स्वीट व सॉल्ट दोनों फ्लेवर में बनाया जा सकता है। इसमें पुदीने का अलग फ्लेवर देने के लिए कुछ पत्तों को क्रश करके डाल सकते हैं।
सत्तू ड्रिंक- स्वीट व सॉल्ट दो तरह से इसे बना सकते हैं। ठंडे पानी में सत्तू पाउडर, भुना जीरा, पुदीना पत्ता, जलजीरा पाउडर व नमक डालकर उसे अच्छी तरह मिलाते हैं। इसे मीठा बनाने के लिए चीनी का प्रयोग किया जाता है।
आम पना- कच्चे आम को तंदूर या सिगड़ी में रोस्ट कर छिलका उतार लें। इसके बाद इसमें पुदीने की पत्तियां, चीनी पाउडर, नमक और धनिया डाल लें। इस ड्रिंक को कुछ देर तक फ्रीजर में रख दें।
- शेफ मुनीश कुमार
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप