Weather Update: दिल्ली में बढ़ी ठंड, एनसीआर के कई इलाकों में बारिश की भविष्यवाणी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर नजर आएगा। दोपहर से ही घने बादल छाएंगे और रात में हल्की बारिश होगी जो रविवार को भी जारी रहेगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर के साथ पूरे उत्तर भारत में ठंड जारी है। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी के बाद बर्फीली हवा के असर से शुक्रवार सुबह जबरदस्त ठंड देखने को मिली। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बरकरार है। फिलहाल, यही स्थिति बने रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, अगले कुछ घटों में हरियाणा के जींद, पानीपत, भिवानी, गोहाना और करनाल में अगले कुछ घंटों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर नजर आएगा। दोपहर से ही घने बादल छाएंगे और रात में हल्की बारिश होगी जो रविवार को भी जारी रहेगी। इसके बाद सोमवार को मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। शुक्रवार को तापमान 22 और 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। लेकिन, मकर सक्रांति के बाद इसमें फिर गिरावट आएगी। दूसरी तरफ पहाड़ों से आ रही ठंडी हवा की वजह से दिल्ली में पिछले दो दिनों से प्रदूषण का स्तर कम है। यह खराब स्थिति में चल रहा है।
मौसम की मेहरबानी से दिल्ली वालों को अभी कुछ दिनों तक प्रदूषण से राहत ही रहेगी। शुक्रवार को इसमें मामूली इजाफा हो सकता है, लेकिन इसके बाद फिर इसमें गिरावट होगी। बारिश के कारण प्रदूषण फिलहाल खराब स्थिति में ही रहेगा।
सफर इंडिया और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को प्रदूषण का स्तर कुछ बढ़ेगा। यह बेहद खराब स्थिति में जा सकता है। लेकिन, इसके बाद शनिवार और रविवार को यह फिर कम होगा और खराब स्थिति में ही रहेगा।
इससे पहले बृहस्पतिवार को ठंड में और इजाफा हुआ तो हवा की गति से प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम महज छह रहा। लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 5.2, जाफरपुर में 5.5 और नजफगढ़ में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोहरे से ट्रेन व हवाई यातायात पर असर
दिल्ली-एनसीआर के साथ पूरे उत्तर भारत में कोहरे के चलते जहां ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित है, वहीं हवाई यायायात भी बाधित हो रहा है। शुक्रवार को दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनें देरी से चल रही है। वहीं, कोहरे से कुछ ट्रेन रद भी हैं।