पोंटी चड्ढा के भतीजे आशीष सिंह चड्ढा ने ऑटो में मारी टक्कर, विदेशी महिला की हुई मौत
चाणक्यपुरी थानाक्षेत्र में विनय मार्ग पर सोमवार दोपहर एक बेकाबू बेंटले बेंटेगा कार ने पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
नई दिल्ली, जेएनएन। चाणक्यपुरी इलाके में विनय मार्ग पर सोमवार दोपहर एक बेकाबू बेंटले बेंटेगा कार ने ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो के पलटने से उसमें सवार तुर्कमेनिस्तान की तीन महिलाएं घायल हो गई। राहगीरों ने उन्हें तुरंत एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने कार चला रहे आशीष सिंह चड्ढा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आशीष, शराब व रियल एस्टेट के बड़े कारोबारी पोंटी चड्ढा के भाई राजेंद्र सिंह चड्ढा का बेटा है। छतरपुर के डीएलएफ में उनका आलीशान फार्म हाउस है।
आशीष का मेडिकल कराया गया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि वह शराब के नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट में होगी। डीसीपी मधुर वर्मा के मुताबिक मृतक महिला की पहचान गुलशत अलीजनोवा (51) के रूप में हुई है।
घायलों के नाम अलमा गुल अतेबा (33) व गुलिया अयाम (55) हैं। अलमा के हाथ की की हड्डी व गुलिया के हाथ व पैर की हड्डी टूट गई है। वे दक्षिण दिल्ली में रहती हैं। आशीष (20) मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है। उसके पिता राजेंद्र सिंह चड्ढा वेब ग्रुप के चेयरमैन हैं।
घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। आशीष बेंटले बेंटेगा कार (डीएल 8 सीसीजी 0013) से विनय मार्ग से गुजर रहा था। तेज रफ्तार में कार चलाने के दौरान उसने आगे जा रहे ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो में तुर्कमेनिस्तान की तीन महिलाएं बैठी थीं।
टक्कर लगने से ऑटो कई बार पलटा और उसमें सवार तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। संगम विहार निवासी चालक रघुवीर सिंह बाल बाल बच गया। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। वहीं, संतुलन खोने से कार बिजली के खंभे से टकरा कर रुक गई।
पीछे से स्काट कर रहे पंजाब पुलिस के जवानों ने आशीष को सुरक्षा घेरे में ले लिया, ताकि राहगीर उसके साथ मारपीट न करें। सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद आशीष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कार का रजिस्ट्रेशन किसके नाम पर है।
पंजाब पुलिस की मिली है सुरक्षा
आशीष को पंजाब पुलिस की सुरक्षा मिली हुई है। राजेंद्र सिंह चड्ढा तीन भाई थे। 17 नवंबर 2012 को छतरपुर में एक फार्म हाउस के अंदर प्रॉपर्टी को लेकर आपसी झगड़े में गोलियां चलने से राजेंद्र सिंह चड्ढा के बड़े भाई गुरदीप सिंह चड्ढा उर्फ पोंटी चड्ढा व छोटे भाई हरदीप सिंह चड्ढा की मौत हो गई थी। इसके बाद राजेंद्र वेबग्रुप के चेयरमैन बने। पोंटी व हरदीप चड्ढा को भी पंजाब पुलिस की सुरक्षा मिली हुई थी।
बेंटले बेंटेगा की कीमत चार करोड़ से होती है शुरू
बेंटले बेंटेगा महंगी कार है। इसकी कीमत करीब 4 करोड़ रुपये से शुरू होती है। इंग्लैंड की यह कार दो मॉडल व छह विभिन्न रंगो में आती है। इसका इंजन 3998 सीसी व 5950 सीसी का होता है।