आप नेता ने एमसीडी पर लगाया टोल टैक्स कंपनी के साथ मिलकर करोड़ों के घोटाले का आरोप
आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी पर टोल टैक्स कंपनी के साथ मिलकर करोड़ों का घोटाला करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि टोल टैक्स निगम की आय का बड़ा स्रोत है। भाजपा उसमें सेंध लगा रही है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी पर टोल टैक्स कंपनी के साथ मिलकर करोड़ों का घोटाला करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि टोल टैक्स निगम की आय का बड़ा स्रोत है। भाजपा उसमें सेंध लगा रही है। बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान दक्षिणी नगर निगम के नेता विपक्ष प्रेम चौहान ने स्थायी समिति की आगामी बैठक और हाउस में इस मुद्दे को उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि हम यह प्रस्ताव पास नहीं होने देंगे।
पूर्वी नगर निगम के नेता विपक्ष मनोज त्यागी ने कहा कि कोरोना के नाम पर भाजपा ने पहले पार्किंग माफिया का पैसा माफ किया और अब टोल टैक्स कंपनी को इतनी भारी छूट दी जा रही है। उत्तरी निगम के नेता विपक्ष विकास गोयल ने कहा कि 35 करोड़ माफ करना छोटी बात नहीं है, पर्दे के पीछे देखें तो पैसों की बंदरबांट की जा रही है। भाजपा के अनुसार कोरोना सिर्फ अरबपतियों के लिए आया।
आम जनता को वह कभी ट्रेड लाइसेंस फीस बढ़ाकर परेशान करते हैं तो कभी हाउस टैक्स बढ़ाकर परेशान करते हैं। विपक्ष के तीनों नेताओं ने कहा कि टोल टैक्स निगम की आय का एक बड़ा स्रोत होता है, जिससे दिल्ली निगम को हर साल लगभग हजार करोड़ के आसपास राजस्व मिलता है।
अब यह निगम पर है कि उस पैसे को कैसे लेना है, किस माध्यम से लेना है, क्या मापदंड रखने हैं, यह चीजें पहले से तय होती हैं। तीनों नेताओं ने कहा कि पार्किंग के पैसे छोड़ने की बात हो या टोल-टैक्स के पैसे छोड़ने की बात हो, यह तमाम चीजें साबित करती हैं कि भाजपा भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त है।