MCD चुनाव में AAP ने युवाओं पर खेला दांव, 109 उम्मीदवारों की घोषणा
पार्टी में भारी मंथन के बाद उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसके लिए एक महीने से ज्यादा समय तक चयन प्रक्रिया चली। इसके बाद तय किया गया कि इस चुनाव में पार्टी युवाओं पर दांव खेलेगी।
नई दिल्ली [ जेएनएन ] । दिल्ली नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी ने इस बार युवाओं को भारी संख्या में मैदान में उतारा है। 109 उम्मीदवारों की जारी सूची में 64 युवा चेहरे हैं।
पार्टी में भारी मंथन के बाद उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसके लिए एक महीने से ज्यादा समय तक चयन प्रक्रिया चली। इसके बाद तय किया गया कि इस चुनाव में पार्टी युवाओं पर दांव खेलेगी।
पहली बार दिल्ली नगर निगम के चुनाव में उतरने जा रही आम आदमी पार्टी (आप) ने 272 सीटों में से 109 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
यह भी पढ़ें: स्वराज इंडिया ने एमसीडी चुनाव के लिए ठोंकी ताल, जारी की पहली सूची
इसके बाद शुक्रवार को पार्टी द्वारा जारी की गई सूची में 109 वार्डों के उम्मीदवार शामिल हैं। इन 109 में से 46 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित थीं। पार्टी ने इन 46 के अलावा 3 अनारक्षित सीटों पर भी महिलाओं को मौका दिया है, जबकि 64 उम्मीदवार पार्टी के युवा चेहरे हैं।
पार्टी के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडेय ने कहा है कि सभी 272 वार्डों में कार्यकर्ताओं की बैठकें बुला कर उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जा रही है। इन उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। उनके नाम पर पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों ने विचार किया।
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव में नोटबंदी को मुद्दा बनाएगी 'आप', हाईटेक प्लान तैयार
इसके बाद चयनित संभावित उम्मीदवारों की सूची शुक्रवार को पार्टी की पीएसी (पोलिटिकल अफेयर्स कमेटी) के समक्ष रखी गई। पीएसी ने विचार के लिए रखे गए सभी 109 वार्डों के उम्मीदवारों के नाम को स्वीकृति दे दी है।
पांडेय ने बताया कि शेष वार्डों में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही बची हुईं सभी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
पांंडेय ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस और भाजपा ने दिल्ली के नगर निगमों में पिछले बीस सालों में भ्रष्टाचार का साम्राज्य कायम कर दिया है। इस बार दिल्ली के लोग तीनों नगर निगमों के चुनाव में झाड़ू चलाएंगे और दिल्ली को भ्रष्टाचार से आजाद कराएंगे।
ज्ञात हो कि तीनों नगर निगम के लिए अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक चुनाव होना संभावित है। इसके लिए मार्च के पहले से दूसरे सप्ताह में अधिसूचना जारी होने की संभावना है। निगमों के 272 वार्डों के लिए आप के पास 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया है।