दिल्ली पुलिस मुख्यालय में तैनात सिपाही ने अपना खून देकर बचाई महिला और उसके बच्चे की जान, पढ़िए पूरी कहानी
दिल्ली पुलिस की ओर से कोरोना काल में लगातार मानवीय कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को एक गर्भवती महिला को प्रसव के दौरान खून की आवश्यकता हुई। ऐसे में दिल्ली पुलिस के सिपाही रमन गुलिया देवदूत बनकर सामने आए। उन्होंने महिला को अपना खून दिया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली पुलिस की ओर से कोरोना काल में लगातार मानवीय कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को एक गर्भवती महिला को प्रसव के दौरान खून की आवश्यकता हुई। ऐसे में दिल्ली पुलिस के सिपाही रमन गुलिया देवदूत बनकर सामने आए। उन्होंने महिला को अपना खून दिया। इससे जच्चा और बच्चा दोनों की जान बच गई। महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। फिलहाल दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, पूर्वी दिल्ली के प्रियदर्शनी विहार की रहने वाली मानवी जैन को प्रसव पीड़ा होने पर बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर उनकी हालत काफी गंभीर थी। चिकित्सकों का कहना था कि उन्हें खून चढ़ाना होगा। ऐसे में मानवी के स्वजन ने राष्ट्रीय महिला आयोग से गुहार लगाई। फिर महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस से मदद मांगी।
ऐसे में पुलिस मुख्यालय में तैनात सिपाही रमन गुलिया अपना खून देने के लिए तैयार हो गए। उनके इस कार्य से जच्चा और बच्चा दोनों की जान बची। रमन ने बताया कि उन्होंने इस पहले भी जरूरतमंद को खून दिया है। रमन के इस कार्य का लोग इंटरनेट मीडिया पर खूब तारीफ कर रहे हैं।