Tractor Rally Violence in Delhi: यमुनापार में उपद्रव करने वाले 50 आरोपितों की हुई पहचान
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक एनएच-9 समेत कई मार्गों पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे। इन कैमरों में उपद्रवियों की तस्वीरें कैद हो गईं थीं। इसके अलावा उपद्रव के समय पुलिस ने वीडियोग्राफी भी कराई थी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड की आड़ में यमुनापार के इलाके में उपद्रव करने वाले 50 से अधिक उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस अब इन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश करेगी। उपद्रवियों के खिलाफ गाजीपुर थाने में तीन और सीमापुरी व पांडव नगर में एक-एक एफआइआर दर्ज की गई थी। उक्त पांचों मुकदमे में पुलिस अब तक तीन उपद्रवियों को ही गिरफ्तार कर पाई है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक एनएच-9 समेत कई मार्गों पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे। इन कैमरों में उपद्रवियों की तस्वीरें कैद हो गईं थीं। इसके अलावा उपद्रव के समय पुलिस ने वीडियोग्राफी भी कराई थी। बाद में लोगों ने भी पुलिस को मोबाइल से बनाए गए वीडियो मुहैया कराए। सीसीटीवी फुटेज व वीडियो के जरिये उपद्रवियों की पहचान की गई।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि दिल्ली में घुसने से पहले ट्रैक्टर मालिकों ने अधिकतर ट्रैक्टरों के नंबर प्लेट को बैनरों आदि के जरिये ढक दिया था, जिससे वाहनों के नंबरों से वाहन मालिकों की पहचान नहीं हो पाई। इससे पता चलता है कि ट्रैक्टर मालिकों ने पहले से उपद्रव करने की साजिश रच रखी थी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी इस बारे में दिल्ली पुलिस को पहले अवगत नहीं कराया कि ट्रैक्टरों के नंबर ढके हुए हैं।
उपद्रव मामले में पांच और गिरफ्तार
गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के दौरान उपद्रव करने वाले पांच और आरोपितों को उत्तरी जिले की एसआइटी (विशेष जांच टीम) ने गिरफ्तार किया है। बुराड़ी इलाके में रोकने पर आरोपितों ने पुलिस पर हमला कर दिया था। इनकी पहचान नेहरू विहार निवासी सुरजीत उर्फ दीपू, सतवीर सिंह उर्फ सचिन, रवि कुमार के रूप में हुई है। इसके अलावा संदीप सिंह व देवेंद्र सिंह रोहिणी के रहने वाले हैं। सभी को उनके घर से गिरफ्तार किया गया।