दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मरीज, निगम अस्पतालों में की गई खास तैयारी
Dengue Cases in Delhi मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ने पर तीनों नगर निगम (उत्तरी पूर्वी और दक्षिणी) ने अस्पतालों में बिस्तर आरक्षित कर दिए है। तीनों नगर निगम ने 185 बिस्तर अपने बढ़े अस्पतालों में मच्छरजनित बीमारियों इलाज के लिए आरक्षित किया गया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ने पर तीनों नगर निगम (उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी) ने अस्पतालों में बिस्तर आरक्षित कर दिए है। तीनों नगर निगम ने 185 बिस्तर अपने बढ़े अस्पतालों में मच्छरजनित बीमारियों इलाज के लिए आरक्षित किया गया। अगर जरूरत पड़ती है तो निगम इन बिस्तरों की संख्या में इजाफा करेगा।
निगम ने कोरोना के समय भी उत्तरी निगम के हिंदूराव अस्पताल का उपयोग किया गया था, तो दक्षिणी निगम के तिलक नगर अस्पताल का वहीं पूर्वी दिल्ली के स्वामी दयानंद अस्पताल का उपयोग भी कोरोना मरीजों के इलाज के लिए किया गया था। उत्तरी निगम ने जहां बाड़ा हिंदूराव व कस्तूरबा अस्पताल में 145 बिस्तर आरक्षित मच्छरजनित बीमारियों के मरीजों के इलाज के लिए किए गए हैं तो वहीं पूर्वी निगम के स्वामी दयानंद अस्पताल में 40 बेड आरक्षित किए गए हैं।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मच्छरजनित बीमारियों को काबू करने के लिए वैसे तो निगम विभिन्न स्तर पर जागरूकता से लेकर जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में जो मच्छरजनित बीमारियों में डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया के मरीज सामने आ रहे हैं उनके गंभीर मरीजों के इलाज के लिए हिंदूराव और कस्तूरबा अस्पताल में 145 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं।
अधिकारी ने कहा कि अक्सर डेंगू-मलेरिया के मरीजों के साथ सबसे बड़ी समस्या तब होती है जब समय से इलाज नहीं मिल पाता है।
दक्षिणी निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के अनुसार 18 टेस्टिंग सेंटर निगम के तिलकनगर, लाजपत नगर कालोनी अस्पताल और बिजवासन, जंगपुरा व तुगलकाबाद डिस्पेंसरी में शुरू किए गए हैं। इन अस्पतालों व डिस्पेंसरियों में जो भी मरीज मच्छरजनित बीमारियों के लक्षणों के आ रहे हैं उन्हें इलाज की सुविधा दी जा रही है। पूर्वी दिल्ली निगम के अनुसार स्वामी दयानंद अस्पताल में 40 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं। इसमें 20 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं इसके इलाज के जरूरी सभी दवाओं का पर्याप्त स्टाक कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी में अब तक डेंगू के 480 तो मलेरिया के 127 और चिकनगुनिया के 62 मरीजों की पुष्टि हुई है। बीते सप्ताह इस वर्ष के सर्वाधिक डेंगू के मरीज सात दिनों में सामने आए हैं। सोमवार को जारी हुई रिपोर्ट में 139 नए मरीजों की पुष्टि हुई थी।