Delhi Coronavirus Vaccination Drive: 18 से 44 वर्ष वालों के लिए आज से 150 वैक्सीनेशन केंद्र बंद
शुक्रवार को 150 से अधिक वैक्सीनेशन केंद्र बंद हो हो गए। कोविशील्ड का स्टाक भी एक दिन से कम का बचा है। इसी तरह 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए कोवैक्सीन का दो दिन और कोविशील्ड का नौ दिन का स्टाक बचा है।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। देश की राजधानी दिल्ली में 18 से 44 वर्ष के युवाओं के लिए कोवैक्सीन का स्टॉक खत्म हो चुका है। इससे शुक्रवार को 150 से अधिक वैक्सीनेशन केंद्र बंद हो हो गए। कोविशील्ड का स्टाक भी एक दिन से कम का बचा है। इसी तरह 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए कोवैक्सीन का दो दिन और कोविशील्ड का नौ दिन का स्टाक बचा है। हालांकि, इस आयु वर्ग के लिए 50 हजार कोविशील्ड की डोज केंद्र सरकार ने भेज दी हैं।
बता दें कि बुधवार और शुक्रवार को सरकारी डिस्पेंसरी में कोरोना का वैक्सीनेशन नहीं होता है। इसके बजाय बच्चों का नियमित टीकाकरण किया जाता है। इस वजह से 19 मई को 68 हजार 604 डोज दी जा चुकी हैं। इसमें 61 हजार 494 लोगों को पहली और 7110 लोगों को दूसरी खुराक दी गई। इसमें से 18 से 44 वर्ष के करीब 50 हजार लोगों को पहली खुराक दी गई है। इसे मिलाकर दिल्ली में अभी तक 48 लाख 69 हजार 640 डोज लगाए जा चुके हैं। इनमें से 11 लाख एक हजार 701 लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं।
आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली सरकार की ओर से वैक्सीनेशन बुलेटिन जारी किया। उन्होंने बताया कि 18 से 44 वर्ष के युवाओं के लिए अभी तक कुल आठ लाख 17 हजार 690 खुराक मिली हैं, इसमें से बुधवार तक सात लाख 49 हजार 100 खुराक दी चुकी हैं। ऐसे में बृहस्पतिवार की सुबह तक सरकार के पास 68 हजार 590 खुराक उपलब्ध थीं। 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को औसतन 50 डोज प्रतिदिन लगाए जा रहे हैं।