नमो देव्यै महा देव्यै: महिलाओं के खिलाफ अपराधों में कमी के लिए परिवर्तन योजना के साथ उतरीं महिला सिपाही
गौरव बाजपाई नई दिल्ली महिलाओं और बच्चों के साथ हो रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए न
गौरव बाजपाई, नई दिल्ली
महिलाओं और बच्चों के साथ हो रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए नवरात्र में दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने परिवर्तन योजना की शुरुआत की है। इस योजना में प्रत्येक थाने की महिला सिपाही अपने इलाके में गश्त करेंगी और स्थानीय महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें घरेलू हिसा और यौन अपराधों के प्रति जागरूक भी करेंगी। इस योजना की शुरुआत में ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस से की गई है, जहां महिला सिपाही पूजा और मंजू को स्थानीय महिलाओं और लड़कियों को जागरूक करने के लिए तैनात किया गया है।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने बताया कि इस योजना के तहत पूरे थाना क्षेत्र में सिपाही महिलाओं को जागरूक करेंगे और निम्न आय वर्ग में होने वाले अपराधों को देखते हुए महिला पुलिसकर्मी वहां नियमित तौर पर गश्त करेंगी। इसके अलावा थाना क्षेत्र के पार्को में सुबह और शाम के समय गश्त कर वहां टहलने आने वाली महिलाओं से संवाद स्थापित कर छेड़खानी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जाएगी। लड़कियों से बात कर गली मुहल्लों में होने वाले महिला अपराधों का रिकॉर्ड रखा जाएगा जो कि कई बार पुलिस तक नहीं पहुंच पाते हैं। इसके अलावा इलाके से गुजरने वाली बसों में महिला सिपाही जांच करेंगी और नजर रखेंगी जिससे इलाके में महिला अपराधों में कमी लाई जा सके। इस योजना को जिले के सभी थाना क्षेत्रों मे लागू किया जाएगा।